2029 में केंद्र में कांग्रेस और प्रदेश में सपा नहीं रहेगी: केशव प्रसाद मौर्य

Published on June 7, 2026 | Views: 185

2029 में केंद्र में कांग्रेस और प्रदेश में सपा नहीं रहेगी: केशव प्रसाद मौर्य

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या . ने फिरोजाबाद दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2029 तक देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव तक केंद्र में कांग्रेस और प्रदेश में समाजवादी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया गठबंधन वर्ष 2024 में ही पूरी तरह बिखर चुका है और देश की जनता अब 2029 के चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह असफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल नकारात्मक बयानबाजी कर देश को नुकसान पहुंचाने वाली राजनीति कर रही है, जिसका जवाब जनता आने वाले चुनावों में देगी।
एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा कभी संतों और भगवान के भक्तों की हितैषी नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठियां बरसाईं, उनसे संतों की सेवा की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है और जनता अब उसके “दोगले चेहरे” को पहचान चुकी है। उपमुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक लाभ के लिए संतों का नाम लेती है।
वहीं न्यायालय की टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखलेश यादव . द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को विपक्ष की भूमिका निभाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि न्यायालय की जो भी टिप्पणी है, उस पर सरकार अपना पक्ष माननीय न्यायालय के समक्ष रखेगी।
उपमुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी की “नैया” वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में डूबने वाली है और जिस दल के साथ सपा जाती है, उसका भी राजनीतिक नुकसान तय हो जाता है।

Category: Uttar pradesh


Latest News