Published on June 4, 2026 | Views: 175
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय जी ने अपने वाराणसी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जनता के वास्तविक मुद्दों से पूरी तरह भाग रही है। जब-जब कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों तथा वंचित समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करते हैं, तब-तब भाजपा जवाब देने के बजाय विपक्ष पर व्यक्तिगत हमले करने और जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री अजय राय जी ने कहा कि महोबा की दलित बेटी के साथ हुए अन्याय और उत्पीड़न के मामले में जब कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई और न्याय की आवाज बुलंद की, तब भाजपा बौखला गई। सरकार को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की चिन्ता नहीं हुई, बल्कि राहुल गांधी जी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ राजनीतिक हमले शुरू कर दिए गए। भाजपा अपनी प्रशासनिक विफलताओं, बिगड़ती कानून व्यवस्था और दलित, पिछड़े एवं कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनहीनता को छिपाने के लिए कांग्रेस पर प्रहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेसजन प्रदेश के कोने-कोने में अन्याय, अत्याचार, हत्या, लूट, बलात्कार, महिला उत्पीड़न, किसानों के शोषण और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष को निशाना बना रही है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर चिता व्यक्त करते हुए श्री अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही हत्याओं, बढ़ते अपराध और आम नागरिकों में व्याप्त असुरक्षा की भावना ने भाजपा सरकार के “अपराध मुक्त प्रदेश” के दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है। प्रदेश के पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक हत्या की घटनाओं की लंबी श्रृंखला यह साबित कर रही है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के मन से शासन-प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है।
गाजीपुर में नितीश राय हत्याकांड, वाराणसी में विक्रम सिंह, मनीष कुमार सिंह, सूर्य प्रताप सिंह और रोहिताश पाल की हत्या, भदोही में आशीष यादव हत्याकांड, जौनपुर में चर्चित दूल्हा हत्याकांड जिसमें आजाद विद की हत्या हुई तथा गाजियाबाद में चर्चित त्यागी हत्याकाण्ड जैसी घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। ये घटनाएं केवल आंकड़े नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का जीवंत उदाहरण हैं।
श्री अजय राय ने सवाल उठाया कि भाजपा के वे नेता और जनप्रतिनिधि, जो चुनिन्दा राजनीतक मुद्दों पर आक्रोश सभाएं आयोजित करते हैं, आखिर प्रदेश में हो रही इन लगातार हत्याओं पर कब अपनी आवाज उठाएंगे? महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, हत्या, लूट, डकैती और संगठित अपराध पर उनकी चुप्पी आखिर किस बात का संकेत है? या आम जनता की सुरक्षा उनके लिए कोई मुद्दा नहीं रह गई है?
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ऐसी स्थित पैदा कर दी गई है जहां लोकतांत्रक और संवैधिानिक व्यवस्था की जगह पुलिस स्टेट की मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। लगातार हो रहे एनकाउंटर, हाफ एनकाउंटर और कथित फर्जी एनकाउंटर कानून के शासन और न्यायिक प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं। कानून का शासन अदालतों और संविधान से चलता है, भय और गोलियों के वातावरण से नहीं।
श्री अजय राय ने कहा कि कुछ समय पूर्व इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अरुण कुमार सह देशवाल ने भी प्रदेश की कार्यप्रणाली पर गंभीर टिप्पणियां करते हुए पुलिस और प्रशासन को कानून के दायरे में रहकर कार्य करने की नसीहत दी थी। यह स्वयं इस बात का संकेत है कक प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिन्ताएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एडीआर तथा एनसीआरबी के विभिन्न आंकड़े भी अपराध और राजनीकत के बीच चिन्ताजनक संबंधों की ओर संकेत करते रहे हैं। जब सत्ता और शासन के शीर्ष स्तर पर गंभीर आपराधिक मामलों को लेकर प्रश्न उठते हों, तब यह स्वाभाविक है कि जनता प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करे।
युवाओं के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि NEET, CUET, SSC-GD, रेलवे भर्ती, पुलिस भर्ती सहित अनेक परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। वर्षों तक मेहनत करने वाले छात्र आज सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। लाखों शिक्षित युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं जबकि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं। दूसरी ओर महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग आथर््िाक संकट का सामना कर रहे हैं।
काशी की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए श्री अजय राय जी ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। विकास के नाम पर उसकी मूल आत्मा और पारंपरिक स्वरूप के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विरासत संरक्षण के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है जबकि भाजपा के जनप्रतिनिधि केवल प्रचार में व्यस्त हैं।
श्री अजय राय ने कहा कि भाजपा के अनेक नेता राहुल गांधी जी और कांग्रेस के खलाफ मंच सजाकर बयान दे रहे हैं, लेकिन जनता उनसे पूछना चाहती है कि उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की बदहाली, पेपर लीक से बर्बाद हुए युवाओं के भविष्य, लगातार हो रहे अत्याचार, हत्या और बलात्कार की घटनाओं तथा काशी की समस्याओं पर क्या कहा? यदि इन सवालों का जवाब भाजपा के पास नहीं है तो विपक्ष पर हमला करना केवल उसकी राजनीतिक हताशा और जनविरोधी नीतियों को छिपाने का प्रयास है।
अंत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि कानून का राज केवल संविधान सम्मत शासन, निष्पक्ष प्रशासन और जवाबदेह व्यवस्था से ही स्थापित किया जा सकता है। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। भाजपा चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों, संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और देश की साझी विरासत की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ते रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी सहित अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा आदि वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Category: Uttar pradesh