Published on May 12, 2026 | Views: 408
वृंदावन। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में छटीकरा-वृंदावन मार्ग स्थित मां ज्वाला धाम श्री कृष्णा आश्रम पर आयोजित दो दिवसीय 'व्यापारी शंखनाद समागम' का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघवी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने ठाकुर जी के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इससे पूर्व सोमवार की सायंकाल देशभर से आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने मथुरा के विश्राम घाट पर मां यमुना का विधि-विधान से पूजन कर व्यापारिक उन्नति और राष्ट्र कल्याण की कामना की।
अधिवेशन के प्रथम दिवस राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघवी ने ई-कॉमर्स कंपनियों के अनियंत्रित विस्तार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज गली-कूचे का छोटा दुकानदार अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की 'डिप डिस्काउंटिंग' और 'प्रिडेटरी प्राइसिंग' ने बाजार का संतुलन बिगाड़ दिया है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि एक ठोस ई-कॉमर्स पॉलिसी बनाई जाए, जिसमें छोटे दुकानदारों के लिए समान अवसर सुनिश्चित हों। बिना कड़े नियमों के, खुदरा व्यापार को बचाना असंभव होगा।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने 'स्थानीय व्यापार, स्थानीय उत्पादन और स्थानीय पर्यटन' के त्रिकोण पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य एमएसएमई और जनपद के विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। ब्रज क्षेत्र का हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद विश्व स्तरीय हैं, बस उन्हें सही मार्केटिंग और लॉजिस्टिक्स की आवश्यकता है। व्यापार मंडल अब स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए एक विशेष विंग का गठन करेगा, जो व्यापारियों को निर्यात संबंधी बारीकियों से अवगत कराएगा।
राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने नई पीढ़ी को व्यापार से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी के पीछे न भागे, बल्कि 'स्वदेशी' को अपनाकर उद्यमी बने। स्वदेशी केवल एक भावना नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आर्थिक हथियार है। जब युवा व्यापारी स्वदेशी उत्पादों को तकनीक के साथ जोड़ेंगे, तभी भारत आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए मंडल जिला स्तर पर 'युवा उद्यमी कार्यशाला' आयोजित करने की योजना बना रहा है।
मथुरा महानगर अध्यक्ष डॉ विशाल खुराना खाद्य सुरक्षा और मानकों की जटिलताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के मानकों की पुनः समीक्षा अत्यंत आवश्यक है। कई नियम इतने जटिल हैं कि छोटा व्यापारी अनजाने में ही अपराधी बन जाता है। नियमों को 'व्यापारी हितैषी' बनाने की आवश्यकता है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगे और व्यापारी भयमुक्त वातावरण में अपना काम कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम मिलावट के खिलाफ हैं, लेकिन इंस्पेक्टर राज की वापसी स्वीकार्य नहीं है।
देश भर से आये व्यापारियों ने अपनी अपनी बात रखी एवं सुझाव भी दिए।वर्तमान डिजिटल और प्रतिस्पर्धी युग में व्यापारियों को केवल सरकार के भरोसे रहने के बजाय स्वयं को भी बदलना होगा। समागम में विशेषज्ञों ने व्यापारियों के बचाव हेतु अपने अपने सुझाव साझा किये।
ऑनलाइन व्यापार से घबराने के बजाय, स्थानीय दुकानदारों को भी 'हाइब्रिड मॉडल' अपनाना चाहिए। अपनी दुकान को गूगल बिजनेस पर रजिस्टर करें और व्हाट्सएप बिजनेस जैसे टूल्स का उपयोग कर स्थानीय ग्राहकों को घर बैठे ऑर्डर करने की सुविधा दें। आपकी सबसे बड़ी ताकत 'विश्वसनीयता' और 'तत्काल डिलीवरी' है, जिसका ऑनलाइन कंपनियां मुकाबला नहीं कर सकतीं।
बड़ी कंपनियां केवल सामान बेचती हैं, संबंध नहीं बनातीं। एक छोटा दुकानदार अपने ग्राहक के साथ व्यक्तिगत संबंध बना सकता है। ग्राहकों को सम्मान देना, उनकी पसंद-नापसंद का ध्यान रखना और पारदर्शी रिटर्न पॉलिसी रखना ही ऑनलाइन बाजार से बचने का सबसे सटीक तरीका है। अपनी दुकान को साफ-सुथरा और आधुनिक बनाएं ताकि ग्राहक वहां आने में गर्व महसूस करें। अकेले लड़ना कठिन है, इसलिए व्यापार मंडलों से मजबूती से जुड़ें। जब व्यापारी समूह में खरीदारी करेंगे, तो उन्हें इन्वेंट्री सस्ती मिलेगी, जिससे वे ऑनलाइन कीमतों का मुकाबला कर पाएंगे। साथ ही, एमएसएमई के तहत मिलने वाले सरकारी ऋणों और सब्सिडी की जानकारी रखें ताकि तकनीक उन्नयन के लिए फंड की कमी न हो।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील पांडे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल मांट वाले ,प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकुंद मिश्रा ,प्रदेश मंत्री प्रयागनाथ चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री नंदकिशोर गुसाई , राजेंद्र गुप्ता प्रदेश महामंत्री, पूर्व सांसद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भैरव प्रसाद, रामकिशन अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर वर्मा, किशोर करवाल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रहलाद खंडेलवाल सहसंयोजक गवर्नर, चारु चंद्र खरे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय, जिला महामंत्री हरिओम अग्रवाल, राजकुमार गोयल नगर महामंत्री, नगर मंत्री राकेश गौड़, नगर उपाध्यक्ष विनोद महाबनियां ,नगर उपाध्यक्ष वी के उपाध्याय, नगर कोषाध्यक्ष बॉबी बृजवानी ,नगर मीडिया प्रभारी विकास खन्ना ,संत मिश्रा प्रदेश महामंत्री युवा , मनीष चतुर्वेदी नगर युवा अध्यक्ष, ,गणेश पहलवान गोवर्धन अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
Category: Uttar pradesh