केएम अस्पताल में सेवा कार्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाला संकल्प है: किशन चौधरी

Published on October 31, 2026 | Views: 357

केएम अस्पताल में सेवा कार्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाला संकल्प है: किशन चौधरी

मथुरा। केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया गया। अस्पताल की टीम द्वारा एक सप्ताह के अंतराल में मथुरा के विभिन्न गांवों (उस्फार, ऊंचा गांव, पलसों, बाटी, जुनसिटी और लालपुर नौगांव) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों में प्रत्येक गांव के लगभग 350 से अधिक जरूरतमंद मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविरों के दौरान मेडिसिन विभाग डॉ. पुलकित, नेत्ररोग विभाग डॉ. कुक्कू, चर्म एवं त्वचा रोग विभाग डॉ. आंचल गुप्ता, बालरोग विभाग डॉ. मनजीत, ईएनटी (नाक, कान, गला) विभाग डॉ. चंदू, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग डॉ. अंशू, हड्डी एवं जोड़ रोग विभाग डॉ. हनुमान ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
चिकित्सकों द्वारा मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया गया तथा आवश्यक निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में शुगर (डायबिटीज), ब्लड प्रेशर, हृदय संबंधी जांच और नेत्र जांच की गई, साथ ही हड्डी, जोड़, महिला एवं बाल रोगों से जुड़ी सामान्य जांचें भी निःशुल्क संपन्न हुईं।
जांच के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशू ने महिलाओं को विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, शुद्ध पेयजल, नियमित दिनचर्या और स्वच्छता अपनाने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही, शिविर के माध्यम से केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पात्र मरीजों को योजना की जानकारी देकर आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत निःशुल्क और कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन श्री किशन चौधरी ने बताया केएम अस्पताल में सेवा कार्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाला संकल्प है। हमारा उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। इसी उद्देश्य के तहत प्रचार-प्रसार टीम गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही है।
शिविरों के सफल आयोजन में जुनसिटी से भगतजी, देवी मंदिर, नौगांव से दीपक जनरल स्टोर, लालपुर से कल्ली व अन्नू कुंतल, पलसों से सुशील शर्मा और बाटी से संजय प्रधान आदि स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।
इस पूरी श्रृंखला की सफलता में केएम अस्पताल की मार्केटिंग टीम के मैनेजर हरेन्द्र कुंतल, आमीन खान, कैंप इंचार्ज दीपक कंसल, फार्मेसी से नन्दू और नर्सिंग विभाग से कान्हा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।

Category: Uttar pradesh


Latest News