लूट की झूठी सूचना देकर छह लाख हड़पने की साजिश का खुलासा, दो गिरफ्तार

Published on October 2, 2026 | Views: 201

लूट की झूठी सूचना देकर छह लाख हड़पने की साजिश का खुलासा, दो गिरफ्तार

ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।

राया थाना पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी सूचना देने की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह लाख रुपये की रकम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को एजेंट कुलदीप सिंह ने छह लाख रुपये की लूट होने की सूचना दी थी। मामले में राया थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। पूछताछ में कुलदीप सिंह ने बताया कि वादी ने उसके खाते में छह लाख रुपये भेजे थे और बैंक से रकम निकालकर मथुरा लाने को कहा था।
कुलदीप ने अपने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई। उसने इगलास और ग्रामीण बैंक बैसमा से तीन-तीन लाख रुपये निकालकर कुल छह लाख रुपये अजीत को सौंप दिए। दोनों ने रकम को ग्राम हरोथा में छिपा दिया। इसके बाद दोनों की योजना के मुताबिक कुलदीप ने अपनी मोटरसाइकिल के आगे का हिस्सा तोड़ दिया और राया के पास हाईवे पर लूट होने की झूठी सूचना वादी तथा डायल-112 को दे दी। खाली बैग भी रास्ते में फेंक दिया।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान साजिश का पर्दाफाश करते हुए ग्राम हरोथा के बाहर सरकारी स्कूल के पार्क के पास से कुलदीप सिंह और अजीत को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना से संबंधित छह लाख रुपये बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (33) निवासी सरकोरिया, थाना गौरई, अलीगढ़ और अजीत (33) निवासी नगला बधिया, थाना इगलास, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को जेल भेजा।

Category: Crime


Latest News