Published on September 22, 2026 | Views: 200
वृंदावन। संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास महाराज के आविर्भाव महोत्सव के अंतर्गत ठाकुर श्री राधा सनेह बिहारी मंदिर में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय स्वामी हरिदास संगीत सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का द्वितीय दिवस भक्ति, संगीत और संस्कृति के संगम का साक्षी बना। दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद देश के प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से स्वामी हरिदास महाराज को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक श्रीकांत शर्मा तथा महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यनाथ गिरि महाराज ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आचार्य करन कृष्ण गोस्वामी, पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, आचार्य डॉ. रामविलास चतुर्वेदी एवं पीठाधीश्वर अनिल कृष्ण महाराज ने ठाकुर श्री राधा सनेह बिहारी जी तथा स्वामी हरिदास महाराज का पूजन कर दीप प्रज्वलित किया।
संस्था के अध्यक्ष आचार्य करन कृष्ण गोस्वामी ने कहा कि स्वामी हरिदास महाराज भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमूल्य परंपरा के प्रेरणास्रोत हैं। यह आयोजन उनकी स्मृति को नमन करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सांस्कृतिक सत्र में शास्त्रीय गायन, भरतनाट्यम, कथक एवं बांसुरी वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से भक्ति, संगीत और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज, स्वामी आदित्यानंद, महंत रामदास, ऋषभ वार्ष्णेय, नकुल शर्मा, कृष्ण मुरारी शर्मा, अनिल शास्त्री, प्रदीप गोस्वामी, अरविंद गोस्वामी, अजय कुमार, रवि चेतन, पंडित विवेक सहित अनेक संत, विद्वान एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शर्मा ने किया।
Category: Uttar pradesh