Published on September 17, 2026 | Views: 202
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आज भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती मनायी गयी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज पूरा देश भगवान विश्वकर्मा को उनकी जयंती पर याद कर रहा है। भगवान विश्वकर्मा ने सृष्टि का निर्माण किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की राजधानी द्वारिकापुरी और भगवान इन्द्र की राजधानी इन्द्रपुरी भी बनायी थी। देवताओं के अस्त्र शस्त्रों का निर्माण किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर पहले की तरह अवकाश घोषित किया जाएगा और राजधानी लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा जी के भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। जिस तरह से भगवान खाटू श्याम का मंदिर रिवर पर बना हैं उसी तरह से नियमों को अपनाकर भगवान विश्वकर्मा का भी आधुनिक और भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में विश्वकर्मा समाज के सभी शिल्पकारों और कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्हें हर तरह से मदद देकर आगे बढ़ाया जाएगा और उन्हें सम्मान दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भगवान विश्वकर्मा का चित्र भेंट किया और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, सांसद रामपुर मोहिबुल्ला नदवी, सांसद एसपी सिंह पटेल, पूर्व मंत्री आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. राम आसरे कुशवाहा, पूर्व राज्यसभा सदस्य अरविन्द कुमार सिंह समेत पार्टी के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Category: Uttar pradesh