वृंदावन सेवा संस्थान के समारोह में आत्मनिर्भरता और कौशल विकास पर दिया गया जोर

Published on September 22, 2026 | Views: 223

वृंदावन सेवा संस्थान के समारोह में आत्मनिर्भरता और कौशल विकास पर दिया गया जोर

वृंदावन। महिलाओं और बालिकाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत वृंदावन सेवा संस्थान (रजि.) द्वारा संचालित वीएसएस वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर का दसवां पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह गोपाल वाटिका में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को पुरस्कार, प्रशिक्षण किट और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्राफ ने की। उन्होंने कहा कि संस्थान कई वर्षों से महिलाओं और बालिकाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप सिलाई मशीनें, ब्यूटी पार्लर किट एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण वर्ग में नीलम एवं कोमल अग्रवाल ने प्रथम, राधिका अग्रवाल ने द्वितीय तथा मानसी एवं रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सिलाई प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गौरी, पारुल, कोमल, प्रिया, प्राची, शिखा, महक, मीरा एवं रागिनी को पुरस्कार स्वरूप सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।

मुख्य अतिथि डॉ. अंजू सूद ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सम्मानित अतिथि अंशुल बजाज ने महिला कौशल विकास को देश की प्रगति के लिए आवश्यक बताया। विशिष्ट अतिथि अशोक अग्रवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर और शिक्षित महिलाएं समाज और परिवार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

संस्थान के निदेशक विश्वनाथ गुप्ता ने बताया कि संस्थान की गतिविधियों के विस्तार के लिए नए हॉल एवं प्रशिक्षण कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे अधिक संख्या में महिलाओं और बालिकाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. के.एम. अग्रवाल ने किया। समारोह में अनुराधा अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, पीहू दास, सविता शर्मा, सायना अब्बासी, संध्या अग्रवाल, अंबिका अग्रवाल, सीमा मिश्रा, डॉ. सचिन अग्रवाल, धनेन्द्र अग्रवाल, डॉ. सतीश मिश्रा, अजय बंसल, इंद्रपाल शर्मा, गिरधारी मुकुट वाले, मुकेश अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, निर्भय अग्रवाल, ओम प्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Category: Uttar pradesh


Latest News