Published on July 21, 2026 | Views: 293
अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों ने मंगलवार का प्रस्तावित दिल्ली कूच और किसान घाट महापंचायत फिलहाल स्थगित कर दी। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती तथा हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हुई बैठक के बाद किसान लौट गए, जिससे दोनों बॉर्डरों पर ट्रैफिक भी सामान्य हो गया।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया। भारतीय किसान यूनियन ने बताया कि रिहाई और केंद्र सरकार से वार्ता कराने पर सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया गया।
हालांकि, CJP के संसद घेराव के मद्देनजर हरियाणा के पंजाब, दिल्ली और यूपी से लगे बॉर्डरों पर सुरक्षा कड़ी रही। कई जिलों में किसान नेताओं और CJP समर्थकों को नजरबंद या हिरासत में लिया गया। अंबाला के शंभू बॉर्डर पर 27 जुलाई तक धारा 163 लागू है, जबकि कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर सुबह लंबा जाम लगा और जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया गया।
उधर, दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के बाहर पुलिसफोर्स तैनात की गई है।
Category: Delhi