Published on June 17, 2026 | Views: 129
लखनऊ: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषयक विकास प्रदर्शनी का बृजेन्द्र स्वरूप पार्क कानपुर नगर में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। यह प्रदर्शनी सरकार की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला अभियान है। ऐसे आयोजन जनता को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ते हैं तथा उन्हें विकास यात्रा का सहभागी बनाते हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अधिक से अधिक अवलोकन करने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।
प्रदर्शनी के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर आयोजित विभिन्न संस्कार कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने त्रिशा एवं आरव का विद्यारंभ संस्कार कराया तथा दर्श एवं आरोही का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके साथ ही करिश्मा, लक्ष्मी एवं पूजा सिंह की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त मातृशक्ति ही विकसित समाज की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में कानपुर नगर के विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। नगर निगम, डूडा, ट्रूफ कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल), नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (एनयूपीपीएल), पनकी तापीय विस्तार परियोजना, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, एलिम्को, महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, पराग डेयरी एवं मिशन शक्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं।
प्रदर्शनी में कानपुर नगर की दसों विधानसभाओं में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया गया है। वहीं फूड कोर्ट भी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाना इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आमजन को सरकार के कार्यों से जोड़ने और जनभागीदारी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि यह विकास प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित, भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) उपेन्द्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Category: Latest news