फ्रांसीसी टीचर ने 89 नाबालिगों के साथ रेप किया, 50 साल में भारत समेत 9 देशों की लड़कियों को निशाना बनाया

Published on February 11, 2026 | Views: 134

फ्रांसीसी टीचर ने 89 नाबालिगों के साथ रेप किया, 50 साल में भारत समेत 9 देशों की लड़कियों को निशाना बनाया

फ्रांस में एक 79 साल के रिटायर्ड शिक्षक पर 1960 के दशक से 2022 तक 89 नाबालिगों के साथ रेप और यौन शोषण करने का आरोप लगा है। फ्रांस के ग्रेनोबल शहर में अभियोजक एटिएन मंटो ने मंगलवार को इस केस को सार्वजनिक करते हुए पीड़ितों से आगे आने की अपील की।

न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी का नाम जैक लेवुग्ल है। अभियोजक के अनुसार जैक लेवुग्ल ने 1967 से 2022 के बीच भारत, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, मोरक्को, नाइजर, अल्जीरिया, फिलीपींस, कोलंबिया और फ्रांस में नाबालिगों के साथ यौन अपराध किए।

वह फ्रेंच भाषा के शिक्षक और गुफा अध्ययन (स्पेलियोलॉजी) के ट्रेनर के रूप में काम करता था। साथ ही सभी जगह जाकर युवाओं से मिलता था और उनके साथ यौन संबंध बनाता था।

पीड़ितों की उम्र 13 से 17 साल के बीच बताई गई है। आरोपी रिटायर्ड शिक्षक 2024 में आरोप तय होने के बाद से हिरासत में है। आरोपी ने अपनी बीमार मां और बुजुर्ग मौसी की हत्या की बात भी कबूल की है।मामला तब सामने आया, जब आरोपी के भतीजे को उस पर शक हुआ। भतीजे ने आरोपी के कमरे की तलाशी ली। वहां उसे एक USB ड्राइव मिली। इस ड्राइव में नाबालिगों के साथ उसके यौन संबंधों की तस्वीरें थीं।

ड्राइव में 15 हिस्सों में पूरी जानकारी लिखी गई थी। इन लेखों में उसने खुद नाबालिगों के साथ यौन संबंध बनाने की बात दर्ज की थी। जांचकर्ताओं ने इन दस्तावेजों को पढ़कर 89 नाबालिग पीड़ितों की पहचान की।

Category: Internation News


Latest News