Published on September 28, 2026 | Views: 195
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। भाजपाई सरकारी जमीनों, तालाबों और गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा अवैध बिल्डिगें भाजपा के लोगों की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जमीनों के अधिग्रहण में किसानों के साथ भेदभाव हो रहा है। अलीगढ़-मुरादाबाद कन्ट्रोल्ड ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे में जमीन अधिग्रहण में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। किसान चाहते है कि बाजार मूल्य के हिसाब से मुआवजा मिले। हमारी मांग है कि अलीगढ़-मुरादाबाद एक्सप्रेस-वे में सर्किल रेट बढ़ाकर किसानों को बाजार भाव से मुआवजा दिया जाए। जब सरकार विकास कार्य के लिए किसानों की जमीन ले रही है तो उनके और उनके परिवार के भविश्य भी विकास से जुड़े, उन्हें सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा दिया जाए।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को उद्योग नहीं लगाने हैं। उद्योग लगाने होते तो सरकार जो जमीन भूमाफियाओं से मुक्त कराने का दावा करती है उस पर लगाती। सरकार किसानों की जमीन क्यों छीन रही है? श्री यादव ने कहा कि किसान विकास के खिलाफ नहीं है। लेकिन किसान चाहता है उसे मार्केट रेट पर मुआवजा मिले। विकास में उसको भी लाभ मिले।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दस सालों में नौजवानों को बेरोजगार किया है। नौकरियां नहीं दी। आरक्षण छीना है। भाजपा चाहती है कि नौकरी, रोजगार पर चर्चा न हो। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 6 माह में एक लाख नौकरी देंगे। सिर्फ उसी पर चर्चा है। जुलाई, अगस्त, सितम्बर तीन माह बीत गए लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली। नौकरियां जीरो रहीं। भाजपा सरकार ने शिक्षकों वकीलों, नौजवानों, किसानों सभी के साथ भेदभाव किया। कैशलेस के नाम पर शिक्षकों, वकीलों को सरकार धोखा दे रही है। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। साइबर फ्रॉड में उत्तर प्रदेश नम्बर एक पर पहुंच गया है। लखनऊ में बैठक 20 प्रोफेशनल इंजीनियर अमेरिका से पैसा वसूल रहे थे। यूपी के लोग साइबर फ्रॉड में लूटे जा रहे है। बदायूं में 600 करोड़ रूपये साइबर फ्राड कर लूट लिए गए। लखनऊ में खबरें आती रहती हैै कि डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसरों के साथ साइबर फ्राड हो गया। मुख्यमंत्री जी को साइबरफ्राड के बारे में कुछ नहीं पता है इसीलिए वे नहीं रोक पा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भजपा सरकार ने सब व्यवस्था बर्बाद कर दिया है। राजधानी लखनऊ में कई जगह जलभराव है। प्रेरणा स्थल से लेकर कई जगह पानी भरा है। जो बंधे बाढ़ रोकने के लिए बने थे, अब वहां से पानी नहीं निकल पा रहा है। रिवरफ्रंट पर पानी नहीं है। लेकिन सड़कों पर पानी है। सरकार इंजीनियरों को काम नहीं करने दे रही है। मुख्यमंत्री जी खुद इंजीनियरों का काम करने लगते है। जिसका नतीजा गोरखपुर में जलभराव है। गोरखपुर में सड़क, नाली, नाले, पुल, पुलिया सबकी डिजायन मुख्यमंत्री जी करते हैं। पानी निकालने के लिए कौन सा पम्प लगेगा यह फैसला भी मुख्यमंत्री जी ही लेते है, जिसके चलते गोरखपुर स्पेन बन गया है।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि जब से अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी हुआ तब सनातन धर्म को मानने वाले बहुत आहत और दुःखी है। भाजपा ने करोड़ों आस्थावान लोगों को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर बैठे भिखारी भी चढ़ावे की चोरी नहीं करते है लेकिन भाजपा के लोगों ने चढ़ावे की भी चोरी कर ली। सब चोरी सीसी टीवी में पकड़ी गयी है लेकिन यह किसी को नहीं पता है कि कितनी धनराशि और कितनी मात्रा धातुओं की चोरी हुई है। सोना और पीतल दोनों का रंग पीला होता है। भाजपाई सीसी टीवी से बहुत डरते है। मुख्यमंत्री जी अयोध्या जाने का विश्व रिकॉर्ड बना रहे थे। फिर चोरी कैसे हो गयी। मुख्यमंत्री जी इसी चढ़ावा चोरी से ध्यान हटाने के लिए तरह-तरह की बयानबाजी करते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सनातन धर्म की सबसे प्रतिष्ठित संस्था पूज्य शंकराचार्य जी का अपमान किया है। पूज्य शंकराचार्य जी को गंगा जी में स्नान नहीं करने दिया। प्रयागराज में इस सरकार ने पूज्य शंकराचार्य जी के साथ जो अपमान जनक व्यवहार किया उसकी सजा इस सरकार को जरूर मिलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने महाकुंभ में भगदड़ में हुई मौत पर मृतकों की सही संख्या नहीं बतायी। उन्होंने झूठ बोला। मौतो की संख्या को छुपाया। उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं।
Category: Politics