वृंदावन में 13 से 19 सितंबर तक होगा स्वामी हरिदास जी का 546वां आविर्भाव महोत्सव

Published on September 7, 2026 | Views: 73

वृंदावन में 13 से 19 सितंबर तक होगा स्वामी हरिदास जी का 546वां आविर्भाव महोत्सव

वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन में रसिक संत एवं संगीत साधक श्री स्वामी हरिदास जी महाराज का 546वां आविर्भाव महोत्सव 13 से 19 सितंबर 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर सोमवार को 7 सितंबर को वृंदावन के अटल्ला चुंगी स्थित बसेरा होटल में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में बोलते हुए महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि सात दिवसीय आविर्भाव महोत्सव का आयोजन श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ एवं श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा श्री राधा प्रसाद धाम, गोपाल खार, परिक्रमा मार्ग, श्रीधाम वृंदावन में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आचार्य बद्रीश ने बताया कि 13 सितंबर रविवार को प्रातः 8 बजे स्वामी जी महाराज का महाअभिषेक होगा। इसके बाद प्रातः 9 बजे श्री ललित कुंज से श्री राधा प्रसाद धाम तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को भजन संध्या आयोजित होगी।
14 सितंबर को ध्रुपद-धमार संगीत समारोह होगा, जिसमें देश के विभिन्न स्थानों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 15 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम, ब्रजवासी बालक-बालिकाओं की प्रस्तुतियां तथा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने बताया कि 16 सितंबर को 546 कमल के पुष्पो से पुष्पचयन एवं यमुना महारानी की आरती का आयोजन होगा। इसके साथ ही समाजसेवी राम किशन अग्रवाल ने कहा कि संत-महात्माओं के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम और भजन संध्या होगी। 17 सितंबर को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवी, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों, कलाकारों, साहित्यकारों और पत्रकारों आदि का सम्मान किया जाएगा।

ध्यान मूर्ति फाउंडेशन से हरिओम शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को प्रातः 10 बजे से विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं 19 सितंबर शनिवार को महोत्सव का समापन विशेष धार्मिक आयोजनों, महाअभिषेक एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।
पत्रकार वार्ता में आयोजकों ने बताया कि स्वामी हरिदास जी महाराज की भक्ति, संगीत साधना और राधा-कृष्ण उपासना की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सातों दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
इस मौके पर विकास अग्रवाल, आचार्य अनमोल कृष्ण शास्त्री, प्रदीप अग्रवाल, मनोज, पुरुषोत्तम, आचार्य ध्रुव, बृजमोहन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Category: Uttar pradesh


Latest News