श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा दामोदर मंदिर में गूंजे बधाई के स्वर, पंचामृत से हुआ गिरिराजशिला एवं उत्सव विग्रहों का महाभिषेक

Published on September 4, 2026 | Views: 219

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा दामोदर मंदिर में गूंजे बधाई के स्वर, पंचामृत से हुआ गिरिराजशिला एवं उत्सव विग्रहों का महाभिषेक

वृंदावन। नगर के सप्त देवालयों में प्रमुख ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन किए और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियों में सहभागिता की।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर के सेवायतों द्वारा मंदिर में विराजित गिरिराजशिला एवं उत्सव विग्रहों का विधि-विधान के साथ पंचामृत से महाभिषेक किया गया। महाभिषेक के लिए दूध, दही, शहद, शक्कर और गंगाजल के साथ नाना प्रकार की जड़ी-बूटियों एवं सुगंधित इत्रों का प्रयोग किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य हुए इस दिव्य अभिषेक के दौरान मंदिर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के सेवायत कृष्ण बलराम गोस्वामी एवं सेवायत आचार्य पूर्ण चंद्र गोस्वामी महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर में विराजित ठाकुर जी का गोमुखी अभिषेक पात्र के माध्यम से महादुग्धाभिषेक किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर इस प्रकार के अभिषेक एवं पूजन का विशेष महत्व माना जाता है।

महाभिषेक के उपरांत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच बधाई भी लुटाई गई। बधाई पाकर श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं ब्रजवासी महिलाओं द्वारा पारंपरिक बधाई गायन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने ब्रज की पारंपरिक शैली में श्रीकृष्ण जन्म की बधाइयां प्रस्तुत कर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। बधाई गायन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर नजर आए।

अधिक जानकारी देते मंदिर के सेवायत आचार्य करुण गोस्वामी महाराज ने बताया कि संध्या कालीन बेला में ठाकुर राधा दामोदर लाल नूतन पोशाक एवं भव्य फूल बंगले में विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इस दौरान ठाकुर जी के समक्ष छप्पन भोग का आयोजन भी किया जाएगा। जन्माष्टमी के विशेष दर्शन एवं छप्पन भोग के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर सेवायतों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्था के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

Category: Dharm


Latest News