Published on August 13, 2026 | Views: 191
मथुरा: “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प को साकार करने तथा मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर एवं गरिमामय बनाने की दिशा में व्रज वैभव अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नवीन मंडी, दारुक पार्किंग के निकट, वृंदावन में नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा ई-रिक्शा चालकों के साथ जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनाना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उपाध्यक्ष मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण/ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन ओजस्वी राज, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह सहित नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ई-रिक्शा चालक बनेंगे स्वच्छता संदेश के वाहक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित रूट के अनुसार ही ई-रिक्शाओं का संचालन करने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
ई-रिक्शा चालकों से अपील की गई कि वे निर्धारित रूट का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय सहयोग करें।
स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ई-रिक्शाओं में यात्रियों द्वारा उत्पन्न कचरे को एकत्र करने के लिए पोर्टेबल डस्टबिन/बैग उपलब्ध कराया गया। ई-रिक्शा चालकों से कहा गया कि वे यात्रियों को सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित करें तथा ई-रिक्शा में एकत्रित कचरे का उचित स्थान पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही ई-रिक्शाओं पर “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” संदेश युक्त पट्टिकाएं लगाई गईं, ताकि ई-रिक्शा के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों एवं ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जा सके।
स्वच्छता संदेश के साथ राष्ट्रभक्ति का भी दिया गया संदेश
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से तैयार स्वच्छता एवं जन-जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। वीडियो के माध्यम से स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी एवं स्वच्छ ब्रज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों को ब्रज स्वच्छता स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा चयनित ई-रिक्शाओं पर राष्ट्रध्वज, स्वच्छता संदेश युक्त पट्टिका एवं डस्टबिन स्थापित/वितरित किए गए।
इसी क्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत ई-रिक्शाओं की तिरंगा रैली को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राष्ट्रध्वज से सजे ई-रिक्शाओं की रैली ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया।
‘भारत माता की जय’ और ‘ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ के नारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा चालक एवं उपस्थित अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” तथा “भारत माता की जय” के नारों का उद्घोष किया। नारों से कार्यक्रम स्थल देशभक्ति एवं स्वच्छता के संकल्प से गूंज उठा। उपस्थित ई-रिक्शा चालकों ने स्वच्छ एवं सुंदर ब्रज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ई-रिक्शा चालकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में उनके माध्यम से स्वच्छता, यातायात नियमों एवं नागरिक जिम्मेदारी का संदेश व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। सभी ई-रिक्शा चालकों से स्वच्छ एवं सुंदर मथुरा-वृंदावन के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र जी ने कहा कि ब्रज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना एक सराहनीय एवं सार्थक पहल है। ई-रिक्शा चालक प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में उनके माध्यम से स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा में डस्टबिन रखने और यात्रियों को कूड़ा सड़क पर न फेंकने के लिए प्रेरित करने जैसी पहल से मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज एवं नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की पहल अत्यंत सार्थक है। ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात एवं जनजीवन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं से उनका संपर्क होता है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालक अपने दायित्व को समझते हुए यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ई-रिक्शा चालक अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए स्वच्छ एवं व्यवस्थित मथुरा-वृंदावन के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने ई-रिक्शा चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर देता है। जिस तरह देश की आजादी के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने त्याग और समर्पण किया, उसी भावना के साथ हमें अपने शहर, समाज और पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है और इसके साथ स्वच्छ ब्रज का संदेश देना राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है। ब्रज में पॉलीथिन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इसका उपयोग यहाँ आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक न करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि ई-रिक्शा चालक यातायात व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यदि सभी ई-रिक्शा चालक निर्धारित रूट एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित ढंग से अपने वाहनों का संचालन करें, तो शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालकों का सहयोग यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ आमजन एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी ई-रिक्शा चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि ई-रिक्शा चालक शहर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के संपर्क में रहते हैं, इसलिए उन्हें स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाना इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालकों के माध्यम से यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा। ई-रिक्शाओं में उपलब्ध कराए गए डस्टबिन में यात्रियों द्वारा उत्पन्न कचरे को एकत्र कराया जाएगा और उसे निर्धारित स्थान पर निस्तारित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित रूट एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है। ई-रिक्शा चालक स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी ई-रिक्शा चालकों से “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित मथुरा-वृंदावन के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के सामूहिक संकल्प, ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Category: Uttar pradesh