117 हेक्टेयर में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप, 350 किसानों की सहमति; कोकिलावन, बरसाना और नंदगांव के निकट मिलेगा आवास का नया विकल्प

Published on August 6, 2026 | Views: 219

117 हेक्टेयर में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप, 350 किसानों की सहमति; कोकिलावन, बरसाना और नंदगांव के निकट मिलेगा आवास का नया विकल्प

मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) करीब 18 वर्ष बाद अपनी सबसे बड़ी आवासीय योजना छाता में लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (दिल्ली-आगरा हाईवे) के निकट विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 117 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें से 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। लगभग 350 किसानों की सहमति से यह भूमि उपलब्ध कराई गई है।

एमवीडीए ने सितंबर 2024 में इस योजना की विकास प्रक्रिया शुरू की थी। दिसंबर 2025 तक लगभग 60 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया था। इसके बाद उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन के नेतृत्व में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आई और पिछले सात महीनों में 42 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित कर कुल 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया। शेष भूमि का अधिग्रहण भी शीघ्र पूरा होने की संभावना है।

उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण लगभग अंतिम चरण में है और रुक्मिणी विहार आवासीय योजना के बाद लगभग 18 वर्षों में यह प्राधिकरण की सबसे बड़ी आवासीय योजना होगी। 117 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस आधुनिक टाउनशिप में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के अलावा विद्यालय, महाविद्यालय, ग्रुप हाउसिंग, होटल, सुपर मार्केट, अस्पताल, ईडब्ल्यूएस आवास, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा अन्य सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि योजना का स्थान कोकिलावन शनिधाम, बरसाना और नंदगांव जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के निकट होने के कारण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आवासीय विकास के साथ-साथ रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Category: Uttar pradesh


Latest News