Published on June 22, 2026 | Views: 179
भगवान श्रीकृष्ण जी की लीलास्थली ब्रज नगरी को स्वच्छ, सुंदर और पवित्र बनाए रखने के संकल्प के साथ सोमवार को तहसील महावन के गोकुल स्थित विश्व प्रसिद्ध, ऐतिहासिक एवं पौराणिक ब्रह्मांड घाट से व्यापक स्वच्छता अभियान का शुभारंभ हुआ।
“हम सबने यह ठाना है—ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान के तहत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, हार्टफुलनेस संस्था, नगर पंचायत और छात्र-छात्राओं के साथ स्वयं श्रमदान / सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान घाट परिसर, सीढ़ियों, आवागमन मार्गों, यमुना जी के किनारे तथा आस-पास के क्षेत्र में फैली गंदगी को साफ किया गया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वयं कूड़ा एवं मिट्टी को हटाया। जिलाधिकारी ने एक-एक कर प्लास्टिक को एकत्रित करते हुए यमुना जी के घाटों को प्लास्टिक मुक्त किया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र सहित स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने झाड़ू लगाकर, कूड़ा एकत्रित कर और परिसर को व्यवस्थित कर यह संदेश दिया कि ब्रज की स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता का विषय भी है।
अभियान का नेतृत्व करते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि ब्रजभूमि हम सभी की अमूल्य धरोहर है। नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, गोकुल, बलदेव, वृंदावन और मथुरा जैसे पावन तीर्थस्थलों की गरिमा और पवित्रता बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ब्रज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक दर्शन और पुण्य लाभ के लिए आते हैं, लेकिन अनजाने में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और अन्य कचरा फैला देते हैं, जिससे तीर्थस्थलों की पवित्रता प्रभावित होती है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि “ब्रज की रज अत्यंत पवित्र है। यहां पुण्य कमाने आएं, गंदगी फैलाने से बचें। हर नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होना होगा।” उन्होंने कहा कि यह अभियान एक दिन का नहीं है, बल्कि पूरे ब्रज में निरंतर चलता रहेगा।
उक्त सफाई अभियान में हार्टफुलनेस स्वयंसेवक और विद्यार्थियों ने दिखाया सेवा का जज़्बा। अभियान में हार्टफुलनेस स्वयंसेवकों तथा सनराइज पब्लिक स्कूल मथुरा सहित 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सभी ने श्रमदान करते हुए ब्रह्मांड घाट और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की। विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने हाथों में झाड़ू लेकर घाट परिसर को स्वच्छ बनाया और सेवा, अनुशासन तथा सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
हार्टफुलनेस मथुरा के समन्वयक निशांत शर्मा ने बताया कि पद्मभूषण डॉ0 कमलेश डी0 पटेल (डाजी) के आह्वान पर यह अभियान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के सहयोग से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल सफाई कार्यक्रम नहीं, बल्कि ब्रज की पवित्रता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का जनअभियान है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र ने कहा कि ब्रह्मांड घाट से शुरू हुआ यह स्वच्छता अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। जिला प्रशासन, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से पूरे ब्रज क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों के व्यवहार और सोच दोनों में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ब्रज की पहचान मंदिरों, घाटों और लीलास्थलों के साथ यहां की स्वच्छता व्यवस्था और सांस्कृतिक गरिमा से भी जुड़ी है। ऐसे में यह अभियान ब्रज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता का सशक्त उदाहरण बनेगा।
Category: Uttar pradesh