Published on June 18, 2026 | Views: 216
मथुरा। आज की तेजी से बदलती और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी कौशल-आधारित अर्थव्यवस्था में युवाओं का पेशेवर कौशल ही उन्हें सफलता के उच्च मुकाम तक पहुंचा सकता है। जीएल बजाज मथुरा के छात्र-छात्राएं व्यावहारिक आवश्यकताओं और बदलती चुनौतियों का आसानी से सामना कर सकें इसके लिए संस्थान द्वारा छह दिवसीय एम्प्लॉयबिलिटी एंड डोमेन स्किल्स ट्रेनिंग/इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं एप्लाइड साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय एम्प्लॉयबिलिटी एंड डोमेन स्किल्स ट्रेनिंग/इंटर्नशिप कार्यक्रम में एडविकॉन प्राइवेट लिमिटेड, एडा द्वारा बी.टेक द्वितीय सेमेस्टर के 181 विद्यार्थियों को विभिन्न आधुनिक एवं उभरती तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं, नवीनतम तकनीकी प्रवृत्तियों तथा रोजगारोन्मुखी कौशल की गहन जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को डेटाएनालिटिक्स, साइबरसिक्योरिटी, जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स, केस-स्टडीज़, तकनीकी असाइनमेंट्स एवं हैंड्स-ऑन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने ज्ञान, नवाचार क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके व्यावसायिक विकास, तकनीकी दक्षता तथा भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता में समन्वयकों डॉ. राजीव कुमार सिंह (डेटाएनालिटिक्स), डॉ. अभिषेक सिंह (साइबरसिक्योरिटी), डॉ. संतोष चौरसिया (जेनरेटिव एआई) तथा उज्ज्वल चंदा (क्वांटम टेक्नोलॉजी) का अहम योगदान रहा। प्रोफेसर डॉ. वी.के. सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत सहयोग से ही पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न हुआ।
समापन अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी एवं तकनीक-प्रधान युग में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल का विकास विद्यार्थियों की सफलता की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान, अनुभव एवं व्यावहारिक कौशल विद्यार्थियों को भविष्य में उत्कृष्ट इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट अवसर प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होंगे।
Category: Education