भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है: अखिलेश यादव

Published on June 15, 2026 | Views: 139

भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने पर उतारू है। समाजवादी पार्टी की पूरी जिम्मेदारी लोकतंत्र बचाने की है। अन्यथा 2027 का उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव अंतिम चुनाव होगा।
सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए नेताओं, कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर पूरी ताकत से लोकतंत्र को बचाने के लिए जुटें। वोटर लिस्ट और बूथ पर पूरा ध्यान लगाएं। सभी कार्यकर्ताओं की भाषा और व्यवहार शिष्ट हो।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सत्ता से बाहर जाना तय है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ-बूथ पर सतर्कता बरतनी है। जनता को भाजपा की नाकामियों की जानकारी देना है। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा हर स्तर पर घोटाला कर रही है। भ्रष्टाचार से प्रदेश की जनता त्रस्त है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। भूमाफियाओं को सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक और साम्प्रदायिक राजनीति करती है। भाजपा पीडीए की दुश्मन हैं। भाजपा ने पीडीए का आरक्षण छीना। पीडीए के खिलाफ झूठे मुकदमें लगाएं। प्रताड़ित किया। पीडीए के लोगों का फर्जी एनकाउण्टर किया गया। श्री यादव ने कहा कि पीडीए बड़ी ताकत है। पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है, इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। भाजपा पीडीए के खिलाफ साजिश कर रही है। समाजवादी पार्टी प्रेम, दया, अपनापन पीडीए का एजेण्डा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। किसानों को खाद-बीज का संकट है। बिजली नहीं मिल रही है। डीजल की कीमते बढ़ने से खेती का लागत मूल्य बढ़ गया है। भाजपा सरकार में किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है। भाजपा ने नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में पढ़े लिखे नौजवान बेरोजगार हैं। सरकार जानबूझकर भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक करा देती है। भाजपा ने नौजवानों से झूठे वादे किए थे। भाजपा का भ्रष्ट-शासन काल दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में आईआईटी बननी चाहिए परन्तु एसआईटी बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। हर दिन हत्या, लूट, महिला अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। भाजपा ने दस साल के शासनकाल में लोककल्याण का कोई कार्य नहीं किया है। निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार और लूट हो रही है। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के विकास का रास्ता दिखाया था। एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, स्टेडियम, सड़के बनाने का काम किया लेकिन दो कार्यकाल में भाजपा विकास के रास्ते पर एक कदम नहीं चल पायी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, सांसद धर्मेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद आदित्य यादव, विधायक बृजेश यादव, विधायक हिमांशु यादव, पूर्व विधायक प्रेम पाल यादव, पूर्व विधायक आबिद रजा, पूर्व विधायक एवं निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक भूपेन्द्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक मुशरत अली, पूर्व विधायक आर.के. वर्मा, यासीन उस्मानी, शसुनीता पाल, उदयवीर शाक्य, नाथूराम कश्यप समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Category: Politics


Latest News