सपा सरकार में कासगंज का हुआ था विकास: अखिलेश यादव

Published on June 12, 2026 | Views: 77

सपा सरकार में कासगंज का हुआ था विकास: अखिलेश यादव

कासगंज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज सोरों गेट, कासगंज में उर्मिला गार्डेन का उद्घाटन किया तथा आयोजित सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कासगंज के विकास के लिए हमेशा काम किया है। समाजवादी सरकार में सबसे बड़ा बिजली कारखाना एटा में लगा। सड़के बनी। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई, भ्रष्टाचार बढ़ा है। किसान दुःखी है। इस अवसर पर पूर्व संसद कुंवर देवेंद्र सिंह उपस्थित थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी कहते है 2017 से पहले इस क्षेत्र की पहचान नहीं थी जबकि खुद मुख्यमंत्री जी की 2017 से पहले कोई पहचान नहीं थी। प्रदेश में विकास के लिए हमेशा समाजवादियों ने काम किया है। समाजवादी सरकार ने मरीजों को अस्पताल लाने ले जाने के लिए 108 में एंबुलेंस सेवा शुरू की। भाजपा सरकार ने इसे बर्बाद कर दिया। महिलाओं के लिए 102 एम्बूलेंस सेवा का भी बुराहाल हो गया। अस्पताल जाने पर न इलाज मिल रहा है और न डॉक्टर, दवाएं भी नही मिल रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में मिलावटी पेट्रोल मिल रहा है। विशेषज्ञों की राय एंथेनाल मिले पेट्रोल के पक्ष में नही है। भाजपाई महंगाई की वजह के पीछे वैश्विक कारण बताते हैं। भाजपा सरकार 12 साल से सरकार में है। उनकी विदेश नीति भी फेल हो चुकी है। बड़े देशों का दबाव है। अर्थव्यवस्था डांवाडोल है। भाजपा सरकार में प्राइमरी स्कूल बंद हो रहे हैं। शराब की दुकानें खुल रही है। ये कौन से साधुसंत है जो शराब की दुकानें खुलवा रहे हैं। खबरे छपती है कि लखनऊ में गांजा पकड़ा गया। पहले गोरखपुर में गांजा पकड़ा जाता था।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकारों ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। न किसान की आय दुगनी हुई नहीं उन्हें एमएसपी मिली। किसानों की सुविधा के लिए मंडिया नहीं बनी। किसान की जिंदगी में बदलाव आता तो प्रदेश में खुशहाली आती। भाजपा ने तो किसानों, नौजवानों सभी के साथ छल किया है। कोई परीक्षा ऐसी नहीं हुई जिसके पेपर लीक न हुए हो। युवकों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ। नीट से लाखों युवा प्रभावित हुए, कुछ नौजवानों ने अपनी जान भी दे दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाई गाय के नाम पर वोट लेना चाहते है। हम गाय की सेवा को प्राथमिकता देते है। डिवाइडर पर सांड बैठे मिलते हैं। अन्ना पशुओं से फसल चौपट हो रही है। उन्होंने कहा बंगाल के चुनाव में खुली बेईमानी हुई है। भाजपा बाबा साहब के संविधान को नहीं मानती है। उसकी चली तो देश में चुनाव ही नहीं होंगे। भाजपा ने महिलाओं के आरक्षण में भी खेल किया है। वह लोकसभा अपने हिसाब से बनाना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने एसआईआर के नाम पर वोट लूटने की तैयारी की थी। लेकिन हम अब पूरी तैयारी के साथ हैं। गांव-गांव, घर-घर वोट ठीक कर लेना है कि उनके वोट न कटने पाएं। पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूची देखने से भाजपा की पोल पट्टी खुल जाएगी। भाजपाई वोट कटवाने चले थे, उन्हीं के वोट कट गए। भाजपा ने पीडीए के अधिकार छीने है। आरक्षण की लूट की है। उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा को सबक सिखाने के लिए मन बना चुकी है। समाजवादी सरकार 2027 में बनने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि कासगंज में उर्मिला गार्डेंन के उद्घाटन से दो फायदे हुए है। एक तो अगले सम्मेलन के लिए गेस्ट हाउस फ्री मिल जाएगा। इतने बड़े स्थान के लिए पैसा नहीं देना होगा। दूसरा यहां युवा सम्मेलन करूंगा। जिससे अच्छे और नये कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरक्षण बड़े पैमाने पर छीना है। भाजपा सरकार ने बहुत फर्जी एनकाउण्टर किये हैं। समाजवादी सरकार बनने पर पीड़ितों को न्याय मिलेगा।
आज के कार्यक्रम में सलीम शेरवानी पूर्व केन्द्रीय मंत्री, विजेन्द्र सिंह पूर्व सांसद, मानपाल सिंह पूर्व मंत्री, नादिरा सुल्तान विधायक, जीनत खान पूर्व पूर्व विधायक, वीरेंदर सिंह सोलंकी पूर्व विधायक, विक्रय यादव जिलाध्यक्ष, अविनाश, चाहत मियां, सोनू भंडारी, सोबरन सिंह बघेल, ब्लाक प्रमुख कासगंज, हफीज गांधी, फारूख राज, जाहिदा सुल्तान, परवेन्द्र आदि की उपस्थित उल्लेखनीय रही।

Category: Politics


Latest News