Published on June 15, 2026 | Views: 182
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कई सैकड़ा नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी एवं न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उप मुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के बीच पहुंचे और एक-एक व्यक्ति से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। नागरिकों की सुविधा के लिए शीतल पेयजल, शरबत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
जनता दर्शन में भूमि एवं राजस्व विवाद, अवैध कब्जे, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, विद्युत, पेयजल, पुलिस प्रशासन, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े अनेक प्रकरण प्रस्तुत किए गए। उप मुख्यमंत्री ने सभी मामलों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से शासन को जनसमस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने में सहायता प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और किसी भी पीड़ित नागरिक को न्याय प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन ही सुशासन की पहचान है।
भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों से संबंधित मामलों पर गंभीर रुख अपनाते हुए उप मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा, उत्पीड़न एवं दबंगई करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने जन समस्याओं के समाधान के संबंध में आजमगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, चंदौली, भदोही, फतेहपुर एवं सम्भल के जिलाधिकारियों, बहराइच, रामपुर एवं कन्नौज के पुलिस अधीक्षकों, नगर आयुक्त लखनऊ, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा डीआरएम प्रयागराज सहित अन्य अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बरेली के ओमपाल सत्यपाल, प्रयागराज के सतीश, मऊ के जगन्नाथ त्रिपाठी, रामपुर के हरकिशन, बरेली के आसाराम, सोनभद्र की सुप्रिया, इटावा के रमेश चन्द्र, रामपुर के अशोक कुमार, आजमगढ़ के प्रमोद कुमार, कानपुर की रूचि गुलाटी, जौनपुर के राकेश चन्द्र, सुल्तानपुर के अनिल कुमार सहित प्रदेश के लगभग तीन दर्जन जनपदों से आए सैकड़ों नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं प्रकरण उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
केशव मौर्य ने कहा कि "जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान कर उसे न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता है। जन समस्याओं का निस्तारण भी होगा और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
Category: Uttar pradesh