Published on June 15, 2026 | Views: 259
उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग भारत सरकार हरदीप सिंह गिल के द्वारा आज अपने भ्रमण कार्यकम के दौरान जनपद लखनऊ में स्वच्छकारों को मानकों के अनुरूप उनके सम्मान एवं उनकी समस्याओं का तत्परता के साथ निराकरण कराने के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की गई। मा0 उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण और मुआवजा की राशि दिलाने समेत विभिन्न मुद्दों पर बैठक की जिसमें मुख्य रूप से सफाई कर्मचारियों को सेफ्टी इक्विपमेंट न मिलने और सफाई के दौरान हो रही मौतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मा0 उपाध्यक्ष के द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों के साथ उठाये गये बिन्दुओं एवं एजेण्डे में उल्लखित बिन्दुओं पर चर्चा की गयी तथा निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छकारों के द्वारा जो समस्याएं एवं अपनी शिकायतें अवगत कराई गई हैं उनके संबंध में समस्त संबंधित अधिकारीगण सकारात्मक रुख अपनाते हुए सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका है, जो स्वयं अभाव में रहकर समाज को स्वच्छता का संदेश देते हैं।
मा0 उपाध्यक्ष ने इस अवसर पर यह भी कहा कि स्वच्छकारों के हितार्थ भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभागीय अधिकारियों के द्वारा स्वच्छकारों के बीच में इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढ़कर कार्य करना होगा जिससे सभी स्वच्छकारों का सम्मान समाज में एवं उनके आर्थिक विकास में सरकार की मंशा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित हो सकेगी।
बैठक में मा0 उपाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि मैनुअल स्कैवेंजिंग बंद है। हाल ही में तीन मौत हुई है जिसको लेकर राष्ट्रीय सफाई आयोग आज बैठक कर रहा है। उन्होंने कहा कि देखने में आ रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और मैनुअल स्कैवेंजिंग Act 2011 का पालन नहीं हो रहा है। मैनुअल स्कैवेंजिंग का अनुपालन नही हो रहा है, सुरक्षा इक्विपमेंट नहीं दिए जा रहे हैं जिसकी वजह से मौत हो रहीं है जिस पर उन्होंने अधिकारियों को संज्ञान लेने के निर्देश दिए। उन्होंने इस तरह से हो रही मौतों पर 15 दिनों के अंदर मृत परिवारजनों को मुआवजा देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्पष्ट गाइडलाइन है की मॉनिटरिंग कमेटी की हर 3 महीने पर नियमित बैठक हो जिससे सफाई कर्मचारियों के अधिकार/मुआवजा 20 दिन में हर हाल में उनके परिवारजनों को मिल सके। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से फ्री सेफ्टी किट दी जाती है। जिसकी जागरूकता के लिए कैंप लगाकर सफाई कर्मचारियों को उनके अधिकारों और गाइडलाइन के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव समाज/वर्ग या व्यक्ति विशेष से उनके प्रति उपेक्षित नहीं किया जा सकता। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से आह्वान किया कि स्वच्छकारों को मौलिक हक एवं सुविधाएं दिलाने में अधिकारियों को अपना संपूर्ण योगदान देना चाहिए। स्वच्छकार समुदाय के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि उनके द्वारा समाज को दिया हुआ उपकर्म का कुछ तो प्रतिफल उन्हें मिलना चाहिए। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों का बैठक में भाग लेने के प्रति धन्यवाद किया।
Category: Uttar pradesh