Published on May 21, 2026 | Views: 199
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 में पीडीए की सरकार बनाने के लिए हम उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने कार्यकर्ताओं को पूरी तरह मुस्तैद रहने के लिए तैयार कर चुके हैं, क्योंकि हम चाहते हैं कि हमारे साथ एलायंस में जो भी चुनाव लड़े, उसे चुनाव जीतने के लिए, हमारी बूथ लेवल तक की मजबूत संगठनात्मक शक्ति का पूरा फायदा मिले क्योंकि हमने हमेशा कहा है कि बात सीट की नहीं, जीत की है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार किसी दल की नहीं बल्कि एक समुदाय की सरकार बनेगी, ये बात हम पहले ही कह चुके हैं और उस समुदाय का नाम है पीडीए। इस पीडीए सुमदाय में देश के सभी समाजों की आबादी के वो 95 पीडीए लोग शामिल हैं, जो पीड़ित, दुखी, अपमानित हैं।
उन्होंने कहा कि पीडीए का आंदोलन वर्चस्ववाद और भेदभाव के खिलाफ नई आज़ादी का आंदोलन है जिससे कि संविधान और आरक्षण बचा रहे। पीडीए आंदोलन का परम लक्ष्य है, सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना, जिससे कि सभी समाजों के बीच समता का भाव और अवसरों की समानता का मौका सबको समान रूप से मिल सके। इससे संघर्ष के स्थान पर समाज में सौहार्द होगा। सौहार्द से शांति होगी और शांति से तरक्की होगी और तरक्की का समान वितरण होना संभव होगा, इससे सबके हिस्से ख़ुशहाली आएगी और सब समृद्ध होंगे। इसी से हमारा देश मजबूत होगा।
इसीलिए पीडीए देशभक्ति का नया उद्घोष है, हमारी सब देशभक्तों से अपील है, आइए पीडीए आंदोलन से जुड़ें और देश को एक नई दिशा दें। इसीलिए पीडीए संविधान के अनुसार चलकर लोक-कल्याण और सर्व समाज उत्थान के लिए एक अत्यंत सकारात्मक आंदोलन है। इस आंदोलन में जो हमारे साथ हैं, हम उनके साथ हमेशा रहे हैं, हमेशा रहेंगे !
Category: Politics