भाजपा नकारात्मक और समाज में दरारवादी पार्टी है: अखिलेश यादव

Published on May 9, 2026 | Views: 259

भाजपा नकारात्मक और समाज में दरारवादी पार्टी है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए समाजवादियों को मल्टीलेयर इलेक्शन माफियाओं से लड़ना है। चुनाव में मल्टीलेयर चुनाव माफिया काम कर रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं की साख बचाने लिए हम सबको मिलकर इनसे मुकाबला करना है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक और समाज में दरारवादी पार्टी है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग है, जब अमेरिका, इंग्लैण्ड, जर्मनी में वोट बैलेट से पड़ता है तो यहां भी वोट बैलेट से पड़े। समाजवादी पार्टी ने सबको साथ लेकर लोकसभा चुनाव में भाजपा को ईवीएम से हराया है। समाजवादी पार्टी फिर भाजपा को ईवीएम से हराकर ईवीएम को हटाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि साल लगे या सदी हम ईवीएम को हटाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर से जनता का जेब काट रही है। बिजली नहीं आती लेकिन स्मार्ट मीटर चलता रहता है। पता चला है कि स्मार्ट मीटर को रिमोट से भी चलाया जा सकता है। जब स्मार्ट मीटर से बेईमानी हो रही है तो ईवीएम से क्यों नहीं हो सकती है?
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों, जिन्होंने जीवन भर खुफियागीरी की, वे झूठा माहौल बनाते हैं। भाजपा झूठ की सोनपापड़ी है। एक झूठ पर दूसरे झूठ की परत चढ़ा देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सबको साथ लेकर पीडीए की ताकत से लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है। अब विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हरायेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने साजिश कर वोटरों का नाम डिलीट किया गया था। लोग बूथों पर पहुंचे तो उनके वोट नहीं थे। कई लोगों का वोट दूसरे बूथों पर कर दिया था। वोट मैनुपुलेट किए गये। समाजवादी पार्टी ने नाम कटने वाले वोटरों का एफिडेविट के साथ चुनाव आयोग को दिया था लेकिन किसी भी दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई। वोट काटने के काम को और विस्तार देते हुए एसआईआर लाया गया। लोगों को परेशान किया गया। एसआईआर के बाद जो मतदाता सूची आयी है उसमें भी बड़े पैमाने पर लोगों के डबल और ट्रिपल वोट हैं। कुछ जगहों पर मृतकों के भी वोट हैं। जब इसी तरह की मतदाता सूची आनी थी तो एसआईआर का क्या फायदा हुआ। समाजवादी पार्टी अपने स्तर पर पूरे प्रदेश में मतदाता सूची को चेक कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग पार्टियों को तकनीकी जानकारियां और प्रशिक्षण नहीं दे रहा है। चुनाव आयोग किस तरह का सॉफ्टवेयर प्रयोग करता है, वह नहीं बताता है। पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर वोट काटे गये। एरर बता कर वोट हटा दिए गये। खुलेआम बेईमानी हुई। भाजपा वोट के लूट के साथ हक और अधिकार लूट रही है। एसआईआर के दौरान यूपी में सुल्तानपुर के एक व्यक्ति, जिसे दस्तखत करना नहीं आता था, वह अंगूठा लगाता है। उसके दस्तखत से भाजपा ने प्रिन्टेड फार्म 7 के जरिए समाजवादी पार्टी के वोट कटवा रही थी। इसी तरह से सरोजनीनगर में दशरथ के नाम से कई फार्म भर कर वोट कटवाने की साजिश की गयी। भाजपा की हायर कम्पनियों ने समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष के दस्तखत से समाजवादी पार्टी के ही लोगों का वोट कटवाने के लिए फार्म 7 भरा दिया। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं बेटियों के साथ यूपी में अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। एनसीआरबी का डाटा सरकार का आंकड़ा है। सरकार खुद बता रही है कि महिलाओं, बेटियों के साथ यूपी में अपराध देश में सबसे ज्यादा है। कहां गया भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा? जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था जीरो है। भाजपा सरकार हर कार्य में भेदभाव करती है। यूपी में महिलाओं के साथ ही एससी-एसटी पर भी सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सरकार में रहते हुए छात्र-छात्राओं को 20 लाख लैपटॉप बांटे थे। समाजवादी पार्टी टापरों को लैपटाप दे रही है, जिससे लोगों को याद रहे कि समाजवादी पार्टी लैपटाप देकर तकनीकी को बढ़ावा देती है। समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर छात्राओं की केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त होगी। स्वास्थ्य सेवाओं को अच्छा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने 100 एकड़ में एक हजार करोड की लागत से विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान बनाया है। समाजवादी पार्टी सरकार में कैंसर का इलाज फ्री किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण को लेकर झूठ बोल रही है। महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद में पास होकर कानून बन चुका है लेकिन भाजपा झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है। हमारी मांग है कि सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण कानून लागू करे।
यूपी में इंडिया गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन बहुत अच्छा और मजबूत रहेगा। हम मिलकर जनता का साथ लेकर भाजपा को हराएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीवादी और साम्प्रदायिक पार्टी है। जब भाजपा का गठन हुआ था तब अध्यक्षीय भाषण में कहा गया था कि वह समाजवादी विचारधारा और सेकुलर रास्ते पर चलेगी, लेकिन यह भाजपा का दिखावा था। सच्चाई में भाजपा कम्युनल और कैपटलिस्ट है। भाजपा बड़े-बड़े उद्योगपतियों और धन्ना सेठों को अपनी नीतियों के माध्यम से लाभ पहुंचा रही है। गैस सिलेण्डर का दाम बढ़ाने के बाद जल्दी डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ायेगी। भाजपा मुनाफाखोरी करा रही है।
इस सरकार ने लखनऊ के प्लासियो माल, किसान बाजार, सब बेच दिया। जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी बेचने के लिए हुआ है। भाजपा और उद्योगपतियों का गैंग बन गया है। ये सब गैंग की तरह काम कर रहे हैं। जनता भाजपा को हराएगी और परिवर्तन लाएगी। भाजपा ने स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को ठगा है, लूटा है। इस सरकार ने बिजली नहीं बनायी। उत्पादन नहीं बढ़ाया। स्मार्ट मीटर से बिल ज्यादा वसूला। हम उन माताओं को बधाई देते है जिन्होंने स्मार्ट मीटर उखाड़ कर फेक दिया। समाजवादी सरकार आने पर तीन सौ यूनिट तक बिजली मुफ्त रहेगी। समाजवादी सरकार में टाण्डा, हरदुआगंज, ललितपुर, प्रयागराज मेजा, घाटमपुर, एटा में थर्मल पावर प्लांट लगाए गये। ट्रांसमिशन लाइन बिछायी गयी। सब स्टेशन बनाए गए। भाजपा ने कोई काम नहीं किया केवल बिजली का बिल वसूला।

Category: Politics


Latest News