Published on March 13, 2026 | Views: 241
ललितपुर: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के गिन्नौट बाग में आयोजित मण्डलीय सरस मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया, साथ ही परिसर में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाये गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनकी सराहना की। उन्होंने मौके पर छोटे बच्चों का अन्न प्रासन कराया और लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र व चाभियां वितरित कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 उपमुख्यमंत्री ने भगवान गणेश जी की प्रतिमा का माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से किया, तत्पश्चात जिलाधिकारी व उनके प्रशासनिक टीम ने मा0 उप मुख्यमंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों का बुके भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहर लाल पंथ, मा0 सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, मा0 एमएलसी रमा निरंजन, मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा हरीशचन्द्र रावत, मा0 नगर पालिका अध्यक्षा सोनाली जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मा0 उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज बहुत महत्वपूर्ण दिन है, आज इस मण्डलीय सरस मेले के उद्घाटन के अवसर पर जब हमारी स्वयं सहायता समूहों की दीदियों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने अपने वक्तव्य के माध्यम से जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक और उनकी पूरी प्रशासनिक टीम को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर फोकस
उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गरीबों को स्वरोजगार से अमीर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आप दीदियां खाने-पीने का सामान समूह के माध्यम से बड़े स्तर पर बनाना चाहती है और उसकी लागत 5 करोड़ रुपए है तो उस पर 1 करोड़ 75 लाख रुपया (35 प्रतिशत) अनुदान दिया जाता है, इसके साथ ही यदि इकाई में विद्युत का उपयोग होता है तो उसके लिए 90 प्रतिशत सोलर पैनल लगवाने के लिए अनुदान भी दिया जाता है।
ललितपुर के लिए की घोषणा
उन्होंने मंच के माध्यम से जनपद में राष्ट्रीय स्तर का सरस मेला आयोजित कराने की घोषणा की कि जिसमें 7 राज्यों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने-अपने उत्पाद लेकर यहां आयेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि मा0 प्रधानमंत्री जी ने अपने नये कार्यालय ‘कर्तव्य भवन’ में पहले ही दिन 6 करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने की घोषणा की, जिसके क्रम में मा0 उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में 3 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उनमें से कम से कम 1 करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का काम करेंगे। हमें ऐसा काम करना है कि ललितपुर की दीदियों के द्वारा बनाये गए उत्पाद देश में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में बिके। प्रधानमंत्री जी चाहते हैं कि देश की आधी आबादी सामर्थवान हो।
उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने इसे विकसित भारत जीरामजी कानून बनाकर भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया है। पहले की सरकारें यदि गरीब को 1 रुपया देती थीं तो उसे केवल 15 पैसे ही मिल पाते थे, लेकि प्रधानमंत्री जी ने सभी के बैंक खाते खुलवाकर योजना का लाभ सीधे पात्र लाभार्थी के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंचता है।
मा0 उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले ललितपुर के सहरिया समुदाय के लोग काम की तलाश में दूसरे प्रदेशों के लिए पलायन करते थे, लेकिन अब उन्हें पलायन करने की जरुरत नहीं हैं, क्योंकि हमारी सरकार का खजाना उनको विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शक्तिशाली और समृद्धशाली बनाने के लिए खुला हुआ है।
नये वित्तीय वर्ष में योजनाओं की धनराशि में होगी वृद्धि, छूटे लाभार्थियों को भी मिलेगा लाभ
उन्होंने यह भी कहा कि नये वित्तीय वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन की धनराशि 01 हजार से बढ़ाकर 1500 प्रतिमाह की जा रही है, जिसका लाभ नये वित्तीय वर्ष से पात्रों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री ने अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में 03 करोड़ प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृत किया है, जिससे अब तक छूटे हुए लाभार्थियों को भी जल्द आवास योजना का लाभ मिलने वाला है। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत दिव्यांग, सहरिया, कुष्टरोगी, बुजुर्ग आदि वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जा रहा है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाभी और नियुक्ति पत्र वितरण
उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह सदस्यों को चैक, सीसीएल व सीआईईएफ डेमो चेक का वितरण मंच के माध्यम से दिया गया, इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाभी व स्वीकृति पत्र वितरित किये गए, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनान्तर्गत 5 लाभार्थियों ट्रेटर की चाभी का वितरण किया गया और गर्भवती महिलाओं की गोदभरायी व बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार यादव, डीसी मनरेगा रमेश चन्द्र यादव, पीडी डीआरडीए दीपक कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Category: Politics