बड़े दाऊजी मंदिर में हुरंगे की धूम, हुरियारिनों ने प्रेम की लाठियों से किया हुरियारों का 'सत्कार'

Published on March 6, 2026 | Views: 238

बड़े दाऊजी मंदिर में हुरंगे की धूम, हुरियारिनों ने प्रेम की लाठियों से किया हुरियारों का 'सत्कार'

​वृंदावन। कान्हा की नगरी में होली का उल्लास आज अपने चरम पर नजर आया। श्रीधाम वृंदावन के अनाज मंडी स्थित प्राचीन बड़े दाऊजी मंदिर में आयोजित 'हुरंगे' ने ब्रज की लठमार होली की यादें ताजा कर दीं। इस दौरान भक्ति और प्रेम का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया।


​हुरंगे का मुख्य आकर्षण हुरियारिनों द्वारा बरसाई गई प्रेम से भीगी लाठियां रहीं। जैसे ही परंपरागत परिधानों में सज्ज हुरियारिनों ने अपने हाथों में लाठियां संभालीं, पूरा माहौल 'दाऊजी महाराज की जय' के जयकारों से गूँज उठा। हुरियारों ने भी पूरी मस्ती में ढालों के सहारे इन प्रेम रूपी प्रहारों को झेला। ​लाठियों की गूँज और अबीर-गुलाल के बीच सारा वातावरण इतना प्रेममय और भक्तिमय हो गया कि मानो स्वयं साक्षात दाऊजी महाराज और रेवती जी इस उत्सव का आनंद ले रहे हों।

​ कार्यक्रम की जानकारी देती है मंदिर के सेवायत गोस्वामी ने बताया कि अनाज मंडी स्थित यह दाऊजी मंदिर अपनी प्राचीनता और मर्यादा के लिए विख्यात है। मान्यता है कि ब्रज के अधिपति दाऊजी महाराज की कृपा के बिना होली का आनंद अधूरा है। आज हुरंगे के दौरान मंदिर प्रांगण में बिखरे रंगों ने भक्तों को आत्मविभोर कर दिया। यह अत्यंत प्राचीन हुरंगा है। जिसमे गोविंद घेरा के क्षत्रीय समाज के लोगों के द्वारा यह हुरंगा खेला जाता है।

​हुरंगे के पश्चात दाऊजी महाराज की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। चांदी के रथ और पालकी में सवार होकर प्रभु अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर बजाजा, बनखंडी महादेव, लोई बाजार और रेतिया बाजार क्षेत्रों से गुजरी। यात्रा का अंतिम पड़ाव ठाकुर श्री गोविंद देव मंदिर रहा, जहाँ दाऊजी महाराज के जयकारे के साथ इस भव्य उत्सव का समापन हुआ।

​मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर दाऊजी महाराज का भव्य स्वागत किया। स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटी के सहयोग से यह आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विष्णु गोपाल गोस्वामी, धीरज गोस्वामी, अनंत गोस्वामी, जगन्नाथ पोद्दार, हेमंत भारद्वाज, राजेश अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह सिसोधिया, जितेंद्र सिंह सिसोधिया, श्याम सिंह के साथ-साथ सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

Category: Dharm


Latest News