भक्ति के गुलाल से सतरंगी हुई कान्हा की नगरी, परिक्रमा मार्ग और मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

Published on February 27, 2026 | Views: 196

भक्ति के गुलाल से सतरंगी हुई कान्हा की नगरी, परिक्रमा मार्ग और मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

वृंदावन। धर्म नगरी वृंदावन में बसंत पंचमी से शुरू हुआ होली का उल्लास शुक्रवार को रंगभरनी एकादशी के अवसर पर अपने चरम पर पहुंच गया। ठाकुरजी के संग होली खेलने और पुण्य लाभ कमाने की कामना लिए देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं के सैलाब ने पूरी नगरी को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के निकास द्वार संख्या-1 पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से मंदिर के भीतर के कार्यक्रमों का लाइव स्ट्रीमिंग किया जा रहा है।

होली के इस उल्लास का मुख्य केंद्र विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर रहा। भोर से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। जैसे ही मंदिर के पट खुले, सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी की ओर से भक्तों पर अबीर-गुलाल की वर्षा शुरू कर दी। अपने आराध्य की प्रसादी स्वरूप गुलाल में भीगने के लिए श्रद्धालु लालायित नजर आए।जयघोष और सतरंगी छटा के बीच पूरा मंदिर परिसर बांकेबिहारी लाल की जय के नारों से गुंजायमान रहा।

मंदिरों के साथ-साथ वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग पर भी आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की टोलियां श्रीराधा-कृष्ण के जयकारे लगाते और होली के रसिया गाते हुए परिक्रमा मार्ग पर निकल पड़ीं। हवा में उड़ते अबीर-गुलाल और एक-दूसरे को प्रेम पर्व की बधाई देते भक्तों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह होली के रंग में रंग दिया।

भीड़ के भारी दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और परिक्रमा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने स्वयं क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन हो सकें।

Category: Dharm


Latest News