महाशिवरात्रि पर वृन्दावन में 'हर-हर महादेव' की गूंज, गोपेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Published on February 15, 2026 | Views: 98

महाशिवरात्रि पर वृन्दावन में 'हर-हर महादेव' की गूंज, गोपेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

श्रीकृष्ण की नगरी वृन्दावन आज रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठी। 'हर-हर महादेव' और 'जय भोले की' के जयकारों के बीच गोपेश्वर नाथ महादेव मंदिर सहित समस्त शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गोपेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की कतारें थमने का नाम नहीं ले रही थीं और शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए भक्तों में एक दूसरे के प्रति होड़ सी लगी हुई थी। गोपेश्वर महादेव मंदिर का वृन्दावन में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि महारास के दौरान भगवान शिव ने गोपी रूप धारण कर नृत्य किया था। जब उनके सिर से चुनरी सरकी, तब योगिराज श्रीकृष्ण ने उन्हें पहचान कर आलिंगन किया। तभी से यहां प्रतिदिन सायंकाल भगवान शिव अपने भक्तों को गोपी स्वरूप में दर्शन देते हैं। इसी आस्था के चलते महाशिवरात्रि पर यहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है। महाशिवरात्रि के दिन गोपेश्वर महादेव मन्दिर में नव विवाहिता और पुत्र प्राप्ति करने वाली महिलाएं ने भी जेहर चढ़ाईं। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गोपीश्वर मंदिर की ओर आने वाले मार्ग को वन-वे व्यवस्था में बदला गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। श्रद्धालुओं को सुदामा कुटी की ओर से प्रवेश दिया गया। आपराधिक किस्म के लोगों पर निगाह बनाये रखने के लिए कुछ पुलिसकर्मी साधु भेष में ही मन्दिर के इर्द गिर्द लगाये गये। पुलिस द्वारा विशेष सावधानी बरतते हुए कांवरियों द्वारा कांच की शीशियों में लाया गया जल सुदामा कुटी पर ही प्लास्टिक की शीशियों में स्थानांतरित कराया गया, ताकि अत्यधिक भीड़ के बीच कांच टूटने से किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की आशंका न रहे। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की भक्तों ने सराहना की। साथ ही मथुरा वृन्दावन नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सी.पी. पाठक के निर्देशन में मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था भी बेहतर देखने को मिली, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का अनुभव मिला। महाशिवरात्रि पर गोपीश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ी यह अपार भीड़, सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था और मंदिर का अलौकिक महत्त्व तीनों ने मिलकर वृन्दावन को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया।

Category: Dharm


Latest News