महिला सशक्तिकरण और गांवो का सर्वागीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

Published on February 14, 2026 | Views: 138

महिला सशक्तिकरण और गांवो का सर्वागीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अम्बेडकर नगर जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के खजुरी ग्राम में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी ने 4 करोड़ गरीबों के पास पक्का घर दिया, 3 करोड़ और बनाने जा रहे है। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी का 6 करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। उत्तर प्रदेश भी दीदियों को लखपति बनाने में अग्रणी राज्य की भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी आवश्यकताओं की सामग्री की खरीद यथा सम्भव समूह की दीदियों के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन को बढ़ाकर 1 अप्रैल से 1500 रूपये दिया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित अंबेडकरनगर का मतलब है कि गरीब को अमीर बनाना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि रोजगार पाने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनें।

इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासपरक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित अन्नप्राशन संस्कार में सहभागिता करते हुए नन्हे बच्चों को अन्नप्राशन कराया और माताओं को संतुलित पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कुपोषण मुक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किए जा रहे पोषाहार का वितरण भी किया और लाभार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री मौर्य जी ने बीसी सखियों के स्टाल का भी भ्रमण किया और उनसे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता, डिजिटल लेन-देन तथा महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीसी सखियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक शुक्रवार को प्रत्येक विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतो मे ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है, ग्राम चौपालो को और अधिक व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाय।
ग्राम चौपालो के आयोजन का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाय तथा इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर आमन्त्रित किया जाय।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि "गाँवों का विकास ही प्रदेश के विकास का आधार है। सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुँचे।" इस अवसर पर पर डॉ. हरओम पाण्डेय एमएलसी, श्री धर्मराज निषाद विधायक कटेहरी, श्री मनोज मिश्रा जिला उपाध्यक्ष, भाजपा सहित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसके उपरांत श्री केशव प्रसाद मौर्य ने
कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।. उपमुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन हर घर नल से जल योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपद में अब तक हैंडओवर हुए सभी 55 जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का जनपद स्तरीय अधिकारियों से पुनः सत्यापन कराकर हर घर तक पानी की पहुंच एवं ग्रामीणों का फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नलकूप कनेक्शन के समस्त लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने अभियान चलाकर और किसानों को प्रेरित कर प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अधिक से अधिक किसानों को आच्छादित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने राशन कार्ड लाभार्थियों का सत्यापन कराकर अपात्र लोगों को बाहर कर पात्र लोगों को राशन योजना से आच्छादित करने के निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिए। टांडा रोडवेज में निष्प्रयोज्य पड़ी भूमि का परीक्षण कराकर उसका सदुपयोग सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी को निर्देशित किया। नगर पंचायत किछौछा में अवशेष अतिक्रमण को भी हटाए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने जलालपुर में जाम की समस्या के स्थाई समाधान के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने चकमर्गों, खलिहान, चारागाह एवं ग्राम समाज की भूमियों पर अवैध कब्जे को अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने धान खरीद एवं खाद की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली तथा इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में पेरेंट्स टीचर मीटिंग कर अभिभावकों को जागरुक कर बच्चों का ड्रेस स्वयं सहायता समूह के माध्यम से क्रय करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि विकासखंड भियांव में अभिभावकों को प्रेरित कर स्वयं सहायता समूह से ड्रेस का क्रय का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि से कोई भी पात्र कृषक वंचित न रहे।
इस अवसर पर उन्होंने दवाओं, चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ आदि के संबंध में जानकारी ली, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने जनपद में चिकित्सकों एवं नर्सों की और आवश्यकता के संबंध में उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर उपप्राचार्य मेडिकल कॉलेज द्वारा मेडिकल कॉलेज में नर्सों की और आवश्यकता के संबंध में उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। जिसके संबंध में उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को डेढ़ लाख रुपए तक की कैशलेस इलाज की सुविधा का ऐलान किया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जनपद में चिकित्सकों एवं पुलिस स्टाफ आदि को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इसके लिए जनपद में चिकित्सालयों को भी चिन्नांकन किया गया है। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने चिन्हित चिकित्सालयों एवं योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया तथा जनपद में समस्त चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उन्होंने जनपद में वेंडिंग जोन भी विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही वेंडिंग जोन में स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता पर दुकान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के बाद एक जनपद एक व्यंजन योजना लागू की गई है उन्होंने हर तहसील में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से इसके लिए भी योजना बनाए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने छुट्टा गोवंशों को पकड़कर उन्हें गौशालाओं में संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह के गठन एवं उससे दीदीयों को जोड़ने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सरकारी जरूरत के समान जो समूह द्वारा बनाए जा रहे हैं को स्वयं सहायता समूह से ही क्रय करने और जिले में 100 करोड़पति दीदी/समूह बनाए जाने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विकसित भारत–गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी–राम जी अधिनियम 2025 योजना से होने वाले लाभों के संबंध में भी जानकारी दी तथा योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने जनपद में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने, श्रवण क्षेत्र धाम में निषाद राज की भी प्रतिमा स्थापित किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान मा0 सदस्य विधान परिषद श्री हरिओम पांडे, मा0विधायक कटेहरी श्री धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद श्री रितेश पाण्डेय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु सहित जनपदस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Category: Latest news


Latest News