शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश-केंद्रीय मंत्री डॉ.वीरेंद्र कुमार

Published on February 7, 2026 | Views: 156

शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश-केंद्रीय मंत्री डॉ.वीरेंद्र कुमार

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आज भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर बजट पर चर्चा की तथा विपक्ष के बारे में कहा कि विपक्ष अकारण संसद बाधित करने का कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है, जबकि विपक्ष शोर मचाकर समय बर्बाद कर रहा है। मंत्री ने भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था,आत्मनिर्भरता और बजट 2026–27 की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि शोर से नहीं, संवाद से देश चलेगा।केंद्रीय बजट 2026–27 को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्ष शोर-शराबा कर संसद का कीमती समय बर्बाद कर रहा है। सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य सदन को बाधित करना रह गया है।
केंद्रीय मंत्री ने बजट की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं और साथ ही विपक्ष की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास शासन का पर्याप्त समय था, तब देशहित में कोई ठोस काम नहीं किया गया। आज केवल आरोप-प्रत्यारोप कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

मा.केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। ऐसे में यह कहना कि अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, सरासर गलत है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के बढ़ते कदमों को स्वीकार कर रही है। हर देश भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना चाहता है। भारत के अस्तित्व और बढ़ती ताकत को वैश्विक मंच पर नकारा नहीं जा सकता।
संसद के सत्र को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश देख रहा है कि सदन कौन नहीं चलने दे रहा। शोर मचाकर जनता के टैक्स के पैसे बर्बाद किए जा रहे हैं। चर्चा से भागने के बजाय सदन में आएं, हम हर विषय पर खुलकर चर्चा के लिए तैयार हैं। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि चाहे धारा 370 का मुद्दा हो या सर्जिकल स्ट्राइक, हर बार सदन में चर्चा के दौरान विपक्ष को जवाब मिला है। आगे भी यदि विपक्ष चर्चा करेगा, तो सच सामने आ जाएगा।
कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस देश के विकास को गति नहीं दे सकी। उन्होंने मोबाइल निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले मोबाइल विदेशों से आते थे और देश का राजस्व बाहर जाता था, जबकि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल फोन निर्माता देशों में दूसरे स्थान पर है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
केंद्रीय मंत्री ने बजट 2026–27 की सराहना करते हुए कहा कि इसमें समाज के सभी वर्गों गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की जरूरतों का ध्यान रखा गया है।आम बजट रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलित दस्तावेज है, जो विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
यह बजट आने वाली पीढ़ी को जोड़कर विकसित भारत की दिशा में उठाया गया मजबूत कदम है। इस बजट में सड़क भी है और स्पीड भी। शासन भी है और मजबूत नेतृत्व की झलक भी है। बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब सभी पक्षों को ध्यान में रखा गया है। बजट में देश के सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की उम्मीदों की पूर्ति हुई है। इसमें एम एसएमई के लिए किये गए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान से यूपी को सबसे ज्यादा लाभ होगा क्योंकि प्रदेश में लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे तीन करोड़ लोग जुड़े हैं। यह राशि ओडीओपी के लिए भी महत्वपूर्ण होगी, जिसे ब्रांडिंग, डिजाइ‌निंग, पैकेजिंग और एक्सपोर्ट से जोड़कर आगे बढ़ाया है। नई तकनीक, स्किल ट्रेनिंग, आधुनिक पैकेजिंग और वैश्विक निर्यात बाजारों से जोड़ने का मार्ग मजबूत होगा। देश में हो रहे कुल मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का लगभग 55 प्रतिशत उत्पादन अकेले उत्तर प्रदेश में होता है इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की करीब 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में रही है। जबकि
खेल उ‌द्योग के क्षेत्र में भी "समर्थ" योजना के माध्यम से और बढ़ावा मिलेगा । प्रदेश में रेलवे के कायाकल्प के लिए भी बजट में 20,000/- करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है जिससे ट्रेनों को रफ़्तार देने, हाई स्पीड ट्रैक बनाने के कार्य कराये जायेंगे । देश भर में बनाये जा रहे कुल 7 हाई स्पीड कोरिडोर में से दो यूपी को मिले हैं।
इस बजट में 12.20 लाख करोड़ रुपये का इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड उत्तर प्रदेश में बुनियादी विकास, कनेक्टिविटी और विभिन्न सेक्टरों को नई गति देगा। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर प्रदेश से गुजर रहे हैं साथ ही देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स हब भी विकसित हो रहा है जो रोजगार और रफ़्तार की नई कहानी लिखेगा।
इस बजट में रक्षा क्षेत्र में भी एक लाख करोड़ की भारी वृद्धि की गई है। उत्तर प्रदेश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल यूनिट, कानपुर में अडानी एम्युनेशन, झांसी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े काम आगे बढ़ रहे हैं जो देश विरोधी ताकतों को उनकी भाषा में जवाब देने में और सहायक सिद्ध होंगे और हमारी सेना के मनोबल को बहाने का कार्य करेंगे
कुल मिलाकर यह बजट सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना से युक्त है जो अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के लिए लक्षित है।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश,एम एल सी विजय शिवहरे,विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, हेमंत भोजवानी,संतोष कटारा, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल,महेश शर्मा, वीरेंद्र श्रीवास्तव,सी ए दीपिका मित्तल,मनोज राजोरा,मनमोहन कुशवाह,अनिल सारस्वत,अभिषेक गुप्ता,सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Category: Uttar pradesh


Latest News