Published on December 20, 2025 | Views: 195
नए साल में ब्रज वासियों और यहाँ के कलाकारों के लिए योगी सरकार एक शानदार सौगात लेकर आ रही है। मथुरा और वृंदावन के बीच सौ-शैय्या अस्पताल के समीप ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और उसे एक आधुनिक वैश्विक मंच प्रदान करने के लिए एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 4215.60 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह प्रेक्षागृह ब्रज की कला, संगीत और पारंपरिक विधाओं के संरक्षण का नया केंद्र बनेगा।
ब्रज की कला और संस्कृति को नई उड़ान
ब्रज क्षेत्र अपनी रासलीला, चरकुला नृत्य और ध्रुपद गायन जैसी अनुपम कलाओं के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का मुख्य विजन इन कलाओं को केवल जीवित रखना नहीं, बल्कि उन्हें एक आधुनिक स्वरूप में दुनिया के सामने पेश करना है। इस ऑडिटोरियम के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक भव्य मंच मिलेगा, जिससे ब्रज की प्राचीन संस्कृति का संरक्षण होगा और युवा पीढ़ी को इससे जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
1000 की क्षमता और भव्य एम्फीथियेटर
इस परियोजना पर योगी सरकार 42 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है। मुख्य ऑडिटोरियम की क्षमता 1000 व्यक्तियों की है, जहां बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मेलनों का आयोजन किया जा सकेगा। इसके साथ ही, खुले आसमान के नीचे पारंपरिक उत्सवों और प्रस्तुतियों के लिए एक भव्य एम्फीथियेटर भी बनाया गया है, जो ब्रज के उत्सवों को एक नया अनुभव प्रदान करेगा।
आधुनिक सुविधाओं का संगम
ऑडिटोरियम में केवल मंच ही नहीं, बल्कि यहां आने वाले कलाकारों और मेहमानों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। परिसर में दूर- दराज से आने वाले कलाकारों के ठहरने के लिए डोरमेट्री, पर्यटकों और दर्शकों के लिए खानपान के लिए कैंटीन की व्यवस्था की जा रही है। परिसर में टाइप- 3 आवास, पार्किंग, गार्ड रूम और सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध होंगे।
90 प्रतिशत कार्य पूर्ण, फरवरी में होगा शुभारंभ
परियोजना अपनी अंतिम दहलीज पर है। 90 प्रतिशत निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ सूरज पटेल ने बताया कि फरवरी माह के अंत तक यह ऑडिटोरियम पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा और ब्रज वासियों को समर्पित कर दिया जाएगा।
बता दें कि योगी सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मथुरा- वृंदावन आने वाले श्रद्धालु अब न केवल मंदिरों के दर्शन करेंगे, बल्कि इस भव्य केंद्र में ब्रज की जीवंत कलाओं का अनुभव भी कर सकेंगे।
Category: Uttar pradesh