Published on December 14, 2025 | Views: 258
ढोल नगाड़ों की थाप, फूलों की बौछार और भाजपा जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के जयघोष के बीच आज भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के रूप में महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी का चुनाव किया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या एवं ब्रजेश पाठक और नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ अन्य गणमान्य मंत्रीगण, सांसद और विधायकगणों के साथ प्रदेश भर से हजारों की संख्या में आये भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के रूप में आयोजित, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद का निर्वाचन प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में किया गया। लंबे समय की प्रतीक्षा के बाद आज जब प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हुई तो पूरा सभागार भाजपा जिंदाबाद, मोदी-मोदी, योगी-योगी के जयघोष से गूंज उठा। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों ने कर्तल ध्वनि के बीच नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत किया। पूरा सभागार भारत माता की जय और पंकज चौधरी के अभिवादन के नारों से गूंजता रहा। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक पीयूष गोयल ने प्रदेश कार्यकारिणी के नये निर्वाचित 120 सदस्यों में से लोकप्रिय सदस्यों के नाम की घोषणा की। जिसका स्वागत सभागार में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने किया। नये प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन और नई कार्यकारिणी के गठन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष और उल्लास की लहर का संचार हुआ है, जो प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में नये जोश और उत्साह के रूप में दिखाई देगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् के पाठ और श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय और अटल बिहारी बाजपाई के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद दुनिया में सर्वाधिक सदस्यों वाली भारतीय जनता पार्टी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुने गये कार्यकारिणी के सदस्यों और प्रदेश अध्यक्ष के नामों की घोषणा हुई। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्या ने किया। केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि हमें अध्यक्ष के तौर पर पंकज यानी कमल मिला है, ये हम सब के लिये सौभाग्य का सूचक है। ये सुनते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने तालियां बजा और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगा कर, उनके कथन का स्वागत किया। इसके बाद पार्टी के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष, पंकज चौधरी को पंचायत से पार्लियामेंट का प्रतीक बताया। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के विचार कि पार्टी अध्यक्ष का पद प्रतिष्ठा का नहीं परीक्षा का पद है कह कर पार्टी कार्यकर्ताओं को आने वाली चुनौतियों का सामना करने और अपने कर्तव्यों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास और भाजपा की उक्तरोक्तर मिल रही सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने लखनऊ में अटल बिहारी बाजपेयी के साथ बिताये क्षणों के संस्मरण के साथ नये प्रदेश अध्यक्ष के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।
केंद्रीय केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह को संबोधित किया उन्होंने निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को को बधाई दी और अपने ओजस्वी भाषण से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यक्रम उपलब्धियों के बारे में बताते हुए, आने वाले दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 में होने वाले चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर नये कैप्टन पंकज चौधरी के नेतृत्व में कार्य करने के लिए प्रेरित किया और याद दिलाया कि हमें चुनावों में अपने विपक्षी दलों के छल-छद्म से भी लड़ना होगा। इसके लिए मजबूत संगठन और मजबूत नेतृत्व बहुत जरूरी है। आप सबके कड़े परिश्रम के बिना हम चुनाव नहीं जीत सकते, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरा बूथ सबसे मजबूत के नारे को मूल मंत्र बना कर मेहनत करने को कहा। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एसआईआर की प्रक्रिया में गंभीरता से संलग्न होने और अपने बूथ को मजबूत करने का आव्हान किया और 25 दिसंबर को लखनऊ में बने नव निर्मित प्रेरणा स्थल के उद्घाटन अवसर पर आने का निमंत्रण भी दिया।
इसके बाद नव निर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समारोह को संबोधित किया। उन्होंने स्वयं को उत्तर प्रदेश का पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के लिए के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्थन का धन्यवाद दिया। कहा कि वह स्वंय को धन्य महसूस कर रहे हैं कि मुझे ये महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। उन्होंने कहा पार्टी की सफलता के लिए कार्यकर्ता सर्वोपरी है, आप ही पार्टी के वो संपर्क सूत्र हैं जो पार्टी के विचारों और नीतियों को आम जनता में पहुंचाते हैं। मेरा मूल मंत्र संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय है, मैं नेतृत्व का अर्थ आदेश देना नहीं समन्वय करना मानता हूं। आप सबके सहयोग से हमें कंधे से कंधा मिलाकर भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाना है। इसी मंतव्य के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के अन्य गणमान्य मंत्री, सांसद और विधायकों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आकर उनका मनोबल और उत्साह बढ़ाया और सभी का अभिवादन स्वीकार किया
Category: Politics