Published on November 16, 2026 | Views: 194
फरह। परखम स्थित अनुसंधान केंद्र में चल रहे दो दिवसीय चिंतन शिविर में पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी, अपराध और माफिया को खत्म करना और विकसित भारत के संकल्प पर विकसित उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाना ही सरकार का लक्ष्य है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति भी स्पष्ट की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस बार के चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। जैसे अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, वैसे ही भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा। चाहे न्याय प्रक्रिया से, चाहे आपसी बातचीत से। उन्होंने कहा कि अगर श्री अखिलेश यादव हमारे साथ कारसेवा करने के लिए आना चाहेंगे, तो उनके साथ मिलकर भी भगवान कृष्ण का मंदिर बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि मथुरा भगवान कृष्ण की नगरी है। यहां के लोगों की आस्था और भावना से मंदिर का मुद्दा जुड़ा हुआ है। सरकार आस्था का सम्मान करती है और विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी संजोने का काम कर रही है। मथुरा-वृंदावन का विकास इसका प्रमाण है।
दलित सम्मेलन में रामगोपाल के बयान पर भड़के
दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार बनने जा रही है और तमाम दलित हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन में प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने दलितों को मूर्ख कहा है, इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इसके लिए माफी मांगें। यह दलितों का अपमान है, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान है।
उन्होंने कहा कि दलितों का महासम्मेलन और दलितों को गाली, इसीलिए मैं कहता हूं समाजवादी पार्टी न पिछड़ों की समर्थक है, न दलितों की, न गरीबों और महिलाओं की समर्थक है। यह केवल परिवार और गुंडों-अपराधियों की समर्थक है। दलित समाज अब जाग चुका है और वह अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।
लैपटॉप वाले बयान पर पलटवार
अखिलेश यादव के 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' वाले बयान पर मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि लैपटॉप की बात अखिलेश यादव न करें। वो कट्टे और बम की बात करें, गुंडे-अपराधी, माफिया-दंगाई की बात करें। उनके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं।
उन्होंने कहा कि उनका शासन 2012 से 2017 तक यूपी की जनता ने देखा है। जनता को न गुंडाराज चाहिए, न भ्रष्टाचार चाहिए, न अत्याचार चाहिए, न दंगा चाहिए। यहां विकास चाहिए, गरीब कल्याण चाहिए, सबका विकास चाहिए। भाजपा सरकार में गरीबों को आवास, राशन, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है। यहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और आगामी चुनाव में फिर से भाजपा की जीत सुनिश्चित करें।
चिंतन शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Category: Politics