Published on November 12, 2026 | Views: 165
इजराइल में बेंजामिन नेतन्याहू को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए गादी आइजनकोट ने स्पेशल बिल पेश किया है। इसमें कहा गया है कि भ्रष्टाचार का मुकदमा झेल रहे नेता प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे।
नेतन्याहू पर अभी भ्रष्टाचार के 3 मामले चल रहे हैं, बिल पास हुआ तो वे अब इजराइल के पीएम नहीं बन पाएंगे।
आइजनकोट और उनके सहयोगी बुधवार को इजराइली संसद में कुल 8 बिल लाए। इनमें प्रधानमंत्री पद पर रहने का समय तय करने और नेतन्याहू सरकार के कुछ पुराने फैसले रद्द करने का प्रावधान है।
आइजनकोट का प्रस्ताव है कि कोई भी व्यक्ति तय समय से ज्यादा प्रधानमंत्री के पद पर न रह सके। इसके लिए पीएम के कार्यकाल की अधिकतम अवधि तय की जाएगी। इससे नेतन्याहू जैसे नेता लंबे समय तक लगातार सत्ता में नहीं रह पाएंगे। नेतन्याहू इजराइल के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे हैं।
गादी आइजनकोट इजराइल के अगले प्रधानमंत्री हो सकते हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने उन्हें अगली सरकार बनाने के लिए चुना है। आइजनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 6 हफ्ते का समय है। इस दौरान उन्हें संसद में बहुमत साबित करना होगा।
सरकार बनाने के लिए 61 सासंदों का समर्थन चाहिए। आइजनकोट के गठबंधन को 6 पार्टियों के 67 सांसदों ने समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पास 46 सांसदों का समर्थन है। जो बहुमत के आंकड़े से बहुत दूर है।
नेतन्याहू को सत्ता से दूर रखने के लिए अरब पार्टियों ने आइजनकोट का समर्थन करने की बात कही है। हालांकि इसके बदले इन पार्टियों ने कुछ मांगें रखी हैं। सूत्रों के मुताबिक वे आवास और अपराध से जुड़े कानूनों में बदलाव चाहती हैं।
अरब पार्टियां कामिनित्ज कानून खत्म करना चाहती हैं। इस कानून के तहत बिना सरकारी मंजूरी के बनाए गए घरों पर जुर्माना लगाया जा सकता है और उन्हें गिराने का आदेश दिया जा सकता है। अरब पार्टियों का कहना है कि उनके इलाकों में घर बनाने की सरकारी मंजूरी आसानी से नहीं मिलती।
Category: Internation News