Published on November 2, 2026 | Views: 209
प्रयागराज: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को सर्किट हाउस के सभागार प्रयागराज में महर्षि भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम में दिनांक 06 नवम्बर, 2026 को प्रस्तावित दीपोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के सम्बंध में बैठक करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को दीपोत्सव के आयोजन के सम्बंध में अपने विभाग से सम्बंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण किए जाने के लिए निर्देशित किया है। बैठक में बताया गया कि 06 नवम्बर को भरद्वाज आश्रम पार्क पर 1.25 लाख एवं श्रृंगवेरपुरधाम में भी 1.25 दीपो से अधिक का प्रज्जवलन किया जायेगा। इसके साथ ही साथ उन्होंने प्रयागराज के सभी घाटों पर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाने के सम्बंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा है।
उपमुख्यमंत्री ने दोनो स्थलों पर पारम्परिक रूप से दीपोत्सव कार्यक्रम को सकुशल एवं भव्य रूप से आयोजित किए जाने के लिए कमेटी गठित किए जाने के लिए कहा है, जिससे कि कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश, पार्किंग और यातायात की व्यवस्था समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुरधाम में नियमित प्रकाश की व्यवस्था के लिए हाईमास्क लाइट लगाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं शिक्षा विभाग को कार्यक्रम स्थल पर रंगोली बनाये जाने की तैयारी समय से पूरी करने के निर्देश दिए, साथ ही मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी को आयोजन से जुड़ी तैयारियों की मॉनिटरिंग करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव को भव्य और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने दीपोत्सव कार्यक्रम को सुव्यस्थित ढंग से आयोजित किए जाने के लिए वालंटियर्स को भी सम्मिलित किए जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, संजय गुप्ता, श्रीमती निर्मला पासवान, राजेश शुक्ला, मंडलायुक्त लोकेश एम, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण व संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।
Category: Politics