Published on October 8, 2026 | Views: 55
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को अयोध्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के पैतृक घर कृष्णापुर, खानपुर रसूलाबाद पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए।
अखिलेश यादव ने सर्वप्रथम व्यास पीठ का पूजन किया और भागवत कथा में आये हुए सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या पावन धरती पर आज सभी हरिभक्त मिलकर जय राधेश्याम बोल रहे हैं, यही हमारे समाज, देश और संस्कृति की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार चुनाव होने जा रहा है, जिस समय चुनाव होगा, फैसला लेने की घड़ी आयेगी। ऐसे मौके पर यह अनोखा संयोग है जब कलियुग के ताप को हर कर इहलोक को संवारने वाली और परलोक को सुधारने वाली भागवत कथा का अमृतपान करने के लिए हम लोग एकजुट हुए हैं। यह बहुत बड़ा सौभाग्य है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति महान है। हम लोग बचपन से रामायण और महाभारत की कथा सुनते आये हैं। हमने व्यक्तिगत रूप से बचपन से सुना है कि जो भव के बंधन से मुक्त कराये वही भागवत है और जो व्यथा हरे वही कथा है। आज हम समाज को देखते हैं कि बंधन और व्यथाओं से भरे हैं। कभी अहंकार का बंधन है,सत्ता का बंधन है, कहीं जाति का बंधन है तो कहीं भेदभाव का बंधन है। जो माहौल बना है। उसमें देखा जा रहा है कि वैमनस्य, छुआछूत, ऊंच-नीच का भी बंधन है। शुद्ध-अशुद्ध के बंधन के साथ अनेक प्रकार के सामाजिक बंधन भी है। ऐसे समय में भागवत कथा की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे लिए प्रभु श्रीकृष्ण ही प्रभु श्रीराम है और प्रभु श्रीराम ही प्रभु श्रीकृष्ण है। भागवत कथा कोई कहानी नहीं है। भागवत कथा मनोवर्धन करती है। कथा मन और मनोबल को बढ़ाती है। कहानी अंत में क्षणिक आनंद देती है जबकि कथा खत्म होने पर उत्तरायित्व की अमिट गहरी अनुभूमि कराती है। कथा के संदेश को जीवन में उतारने से कथा सुनने का पूर्ण मिलता है। भागवत कथा सिर्फ श्रीकृष्ण जी के जीवन के बारे में ही नहीं बताती है, वह हमें श्रीकृष्ण जैसा बनने के लिए प्रेम, दया, अपनापन से भरा मन बढ़ा करती है, यही मनोवर्धन करती है। जब हम प्रेम, दया, अपनापन की बात करेंगे तो हमारा समाज और एकजुट होगा। हम लोग सामाजिक रूप से और एकजुट होंगे। भागवत कथा सिखाती है कि प्रेम सबसे बड़ा परमार्थ है। श्रीकृष्ण जी ने सिखाया है कि प्रेम में कोई छोटा बड़ा नहीं होता है। श्रीकृष्ण जी ने राजमहल को छोड़कर गोकुल के ग्वालों और गायों के साथ जीवन जिया। जहां प्रेम सर्वोपरि है वहीं लोकतंत्र है। भागवत कथा सिखाती है कि कहीं भेदभाव न हो। प्रेम से बड़ा कोई राजधर्म नहीं है। जो प्रेम, दया, अपनापन नहीं रखता है। उसका अंत कंस जैसा होता है, इसलिए आज तय करना है कि नफरत बढ़ाने वाला शासन चाहिए या श्रीकृष्ण के प्रेम वाला वरदत्व चाहिए। श्रीकृष्ण जी का पूरा जीवन प्रेम पर टिका है। भागवत कथा का सबसे बड़ा सबक है कि भेदभाव मिटाये और समानता लाने का काम करते रहें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जी ने सिखाया है सत्ता तो आती जाती रहती है लेकिन प्रेम टूट गया तो समाज टूट जाएगा। आज के समय में प्रेम और समानता के महाकाव्य को संविधान कहते है। इसलिए संविधान की रक्षा करनी है। भागवत कथा शोषित, पीड़ित, वंचित के उद्गार का सबसे बड़ा स्रोत है। हमारे लिए भागवत कथा सामाजिक न्याय के राज के उदाहरणों का संकलन है। सुदामा जैसे गरीब मित्र को श्रीकृष्ण जी ने बराबर का स्थान दिया, यही पीडीए की पहली मिसाल है। जहां निर्धन को बराबर का मित्र माना जाता है। सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का कृष्ण राज्य असल में प्रेम, दया, अपनापन और बंधुत्व का राज्य रहा। जहां आखिरी पंक्ति पर खड़ा व्यक्ति भी प्रेम, दया, अपनापन के पैमाने पर समान रहा। भागवत कथा सदियों से चलती चली आ रही है और सदियों तक चलेगी। क्योंकि नफरत और भेदभाव हर युग में होगा, ऐसे में श्रीकृष्ण चेतना प्रेम, दया, अपनापन से उसका अंत करने के लिए विविध रूप से सक्रिय रहेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अयोध्या का विकास करके अंतर्राष्ट्रीय का शहर बनाया जाएगा। उसी तरह का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोगों के अधिग्रहण में हर स्तर पर भेदभाव हुआ है। समाजवादी सरकार में अयोध्यावासियों को उनकी जमींनों को बाजार भाव दिया जाएगा। माताओं और बहनों को 40 हजार रूपया देंगे। श्री यादव ने कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री जी अगर इतना आश्वस्त है तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाये।
इस अवसर पर तेज नारायण पाण्डेय पवन पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी को सम्मान दिया है। सभी के साथ न्याय करते है। समाजवादी पार्टी की सरकार में अखिलेश यादव ने बेटियों को कन्या विद्या धन दिया। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया। दवाई, पढ़ाई, सिंचाई मुफ्त की। किसानों को दुर्घटना बीमा दिया। एक्सप्रेस-वे-, हॉस्पिटल, सड़क, बनवाया। एम्बुलेंस सेवा शुरू की। उत्तर प्रदेश में विकास के ऐतिहासिक कार्य किये। भाजपा सरकार ने विकास का कोई कार्य नहीं किया। सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट की। भागवत कथा में व्यास पीठ पर जगत गुरू डॉ. राघवाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत गीता का रसपान कराया। इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद मौजूद रहे।
भागवत कथा में महंत जनमेजय शरण जी, महंत रामलखन दास जी, महंत श्री दिलीप दास जी, महंत श्री मंजू दास जी, पंड़ित राजेश पाण्डेय जी, महंत सूर्यभान दास, महंत आनन्द दास, महंत रामदास जी महाराज, पंड़ित राकेश त्रिपाठी, महंत अवधेश दास, महंत रामदास बालयोगी, महंत मणिराम दास समेत बड़ा संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी संतो, महंतो ने अखिलेश यादव को माला पहनाकर और गदा भेंटकर विजयी भव का आष्शीर्वाद दिया।
Category: Politics