Published on October 7, 2026 | Views: 193
मथुरा। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा-शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों को आकर्षक रंगों एवं रचनात्मक कल्पना के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छ पर्यावरण और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, विभागाध्यक्ष सामुदायिक चिकित्सा डॉ. गगनदीप कौर, डॉ. अमनजोत कौर एवं डॉ. शुभम द्विवेदी सहित शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। सेवा संकल्प जैसे कार्यक्रम युवाओं को समाज की जरूरतों से जोड़ते हैं और उन्हें सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाते हैं।
कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए सेवाभावना सर्वोपरि है। एक चिकित्सक का दायित्व रोगी के उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने तक विस्तृत है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनके व्यक्तित्व में मानवीय मूल्यों का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि एक बेहतर चिकित्सक बनने के लिए चिकित्सा ज्ञान के साथ सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी का भाव होना आवश्यक है।
कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने और अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया।
Category: Education