Published on September 22, 2026 | Views: 192
लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय लखनऊ में आज उत्तराखण्ड समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रहे। बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य अपनी रजत जयंती मना रहा है। परन्तु खेद है कि जिन मुद्दों को लेकर राज्य स्थापना की अवधारणा थी कि पलायन रुकेगा, रोजगार मिलेगा और जल, जंगल, जमीन की बात होगी। वह कुछ भी नहीं हुआ। न तो उत्तराखण्ड में रोजगार मिला और न पलायन रूका। मानव और वन्य जीव संघर्ष के कारण सैकड़ों लोगों की जाने गई। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर राज्य सबसे निचले पायदान पर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखण्ड पवित्र देवभूमि है। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड के साथ धोखा दिया। उत्तराखण्ड में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। लोग नौकरी रोजगार के लिए पलायन कर रहे है। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड में जनता से जो वादा किया था उनमें से 5 प्रतिशत भी पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड को बर्बाद कर दिया। महिलाएं बेटियां सुरक्षित नहीं है। बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है। अंकित भण्डारी की निर्मम हत्या हो गई लेकिन पीड़िता को न्याय नहीं मिला।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में भावनात्मक सम्बंध है। यह रिश्ता अटूट है। उत्तराखण्ड के लोग बहादुर और संघर्षशील है। चन्द्र सिंह गढ़वाली जैसे वीर पुरुष की कहानी प्रेरणाप्रद है। उत्तराखण्ड के विकास में समाजवादी पार्टी का योगदान रहा है। लेकिन जबसे भाजपा सरकार है तब से उत्तराखण्ड का विकास अवरुद्ध हो गया है। केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखण्ड का संतुलित विकास चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तराखण्ड के संतुलित विकास को भी गति मिलेगी। क्योंकि उत्तराखण्ड का विकास का रास्ता यूपी से जुड़ा हुआ है। समाजवादी सरकार बनने पर यूपी टूरिज्म की तरह से उत्तराखण्ड में श्रद्धालुओं की सुविधा और आवासीय व्यवस्था के लिए एक हजार करोड़ रूपया खर्च किया जाएगा। उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखण्ड जाते हैं। केदारनाथ क्षेत्र के विकास पर 500 करोड़ रूपये खर्च किये जाएंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तराखण्ड में पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ायी जाएंगी। उत्तराखण्ड के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने बैठक में शामिल हुए उत्तराखण्ड समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अल्मोड़ा की धियाड़ी वसूली गांव की दिव्यांग निशा मेहता पुत्री श्री मोहन सिंह मेहता, जागेश्वर धाम, अल्मोड़ा और दून यूनिवर्सिटी के टापर वैभव बड़थ्वाल पुत्र श्री विनोद बड़थ्वाल को लैपटॉप दिया।
उत्तराखण्ड के प्रख्यात समाजवादी नेता रहे विनोद बड़थ्वाल की पत्नी एवं समाजवादी पार्टी की नेता श्रीमती आभा बड़थ्वाल इन दोनों टॉपर छात्रों को उनके घरों पर जाकर लैपटॉप प्रदान करेंगी।
Category: Politics