सैकड़ो महिलाओं ने प्रिय भैया अखिलेश यादव को बांधी राखी

Published on August 27, 2026 | Views: 277

सैकड़ो महिलाओं ने प्रिय भैया अखिलेश यादव को बांधी राखी

लखनऊ: रक्षाबंधन पर्व के पूर्व दिवस पर आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सैकड़ों महिलाएं अपने ‘प्रिय भैया जी’ के हाथों में राखी बांधने के लिए उमड़ पड़ी। अखिलेश यादव ने सभी का सम्मान करते हुए उन्हें पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि दुनिया में भारत ही ऐसा देश है जहां रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। बहन राखी बांधती है और भाई रक्षा का संकल्प लेता है। समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि भविष्य में माता-बहनों की सुरक्षा और सम्मान में कोई चूक नहीं होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी की खुशहाली के लिए समाजवादी सरकार में महिलाओं को 40 हजार सालाना धनराशि स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के अंतर्गत दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा महिलाओं के प्रति ईमानदार नहीं है। भाजपा सत्ता में आने के बाद से लगातार धोखा देती रही है। अब नारी वंदन का ढोंग रच रही है।
आज पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं अखिलेश को रक्षाबंधन पर बधाई देने आई थी। इनके अतिरिक्त पूर्व सांसद श्रीमती कनकलता सिंह, पूर्व एमएलसी श्रीमती कांति सिंह, स्व0 जनेश्वर मिश्र जी की पुत्री मीना तिवारी, महिला समाजवादी राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रूक्मिणी देवी (बहन पूर्व सांसद फूलन देवी), किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह तथा अंजली मसीह ने पर्व की खुशियां मनाते हुए श्री अखिलेश यादव को मिठाई खिलाई।

Category: Politics


Latest News