भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया: अखिलेश यादव

Published on August 9, 2026 | Views: 235

भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। अपराधी बेखौफ है। सरकार में महिलाओं, बेटियों पर अत्याचार नहीं थम रहा है। भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों और साइबर क्राइम में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है।
उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या की बेहद दर्दनाक घटना हुई। पिछले दिनों लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के नरपत खेड़ा में 17 वर्षीय बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा की गला रेतकर हत्या हो गयी। इसी सप्ताह बख्शी का तालाब क्षेत्र में एक युवक का शव मिला, उसकी हत्या कर दी गयी। उत्तर प्रदेश की बहन बेटियो को इस महिला विरोधी सरकार में कभी न्याय नहीं मिल सकता।
अखिलेश यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था और अपराध पर सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा है। प्रदेश में हर दिन हत्या, लूट, बलात्कार और अन्य अपराध की दर्जनों, घटनाएं हो रही है। मुख्यमंत्री जी और सरकार सिर्फ झूठे दावे करती है। भाजपा सरकार में फर्जीवाड़ा भी चरम पर है। फर्जी मुकदमें, फर्जी एनकाउण्टर, फर्जी सिरप, फर्जी प्रचार तो हो ही रहा है, अब तो हद हो गयी है इस सरकार में फर्जी पुलिस और अवैध थाने भी सामने आ गये है। भाजपा जबसे सत्ता में आयी है, प्रदेश में फर्जीवाड़े और अवैध कार्यों की भरमार है। इन कार्यों को सत्ताधारियों का संरक्षण है। 2027 में भाजपा सरकार जाएगी तभी प्रदेश में कानून का राज होगा। अवैध कार्य और फर्जीवाड़े बंद होंगे।

Category: Politics


Latest News