मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पूंछरी में मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं ने राजस्थान सरकार का जताया आभार

Published on July 26, 2026 | Views: 190

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पूंछरी में मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं ने राजस्थान सरकार का जताया आभार

डीग: गोवर्धन पर्वत के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर स्थित पूंछरी में आयोजित मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों की देशभर से आए लाखों परिक्रमार्थी एवं श्रद्धालु सराहना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष मेले में व्यवस्थाएं अत्यंत सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु हितैषी हैं।

भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलास्थली ब्रजभूमि में आयोजित इस पावन मेले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्री गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा करते हुए श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग पर आध्यात्मिक वातावरण, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को ब्रज संस्कृति की दिव्यता का साक्षात्कार करा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन डीग द्वारा परिक्रमा मार्ग पर वॉच टावर, पुलिस चौकियां, टेंट-कनात एवं व्यापक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से पूंछरी में प्रवेश करने वाले मार्गों के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की गई है।

परिक्रमार्थियों के विश्राम के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों पर पेयजल, रोशनी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए हैं। वहीं परिक्रमा मार्ग पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया है तथा संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय बना हुआ है। सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देते हुए परिक्रमा मार्ग पर स्थित सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों को मजबूत ग्रिल से सुरक्षित किया गया है तथा पेंटिंग कर उन्हें सुंदर स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे सुरक्षा एवं सौंदर्य दोनों का समन्वय देखने को मिल रहा है। मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संपूर्ण ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित किया गया है। नालों को सुरक्षित कवर से ढकने के साथ-साथ जल निकासी हेतु पर्याप्त संख्या में पंपसेट तैनात किए गए हैं, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में भी पानी का त्वरित निकास सुनिश्चित हो सके।

मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए राजस्व, नगर परिषद, नगरपालिका, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी पर मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संपूर्ण प्रशासन पूर्ण समर्पण के साथ जुटा हुआ है।

पूंछरी स्थित कंट्रोल रूम भी लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। कंट्रोल रूम की तत्परता से अब तक चार खोए हुए व्यक्तियों को उनके परिजनों से सकुशल मिलाया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की। मेले के स्वागत द्वारों को भी भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। आन्यौर द्वार, जतीपुरा द्वार एवं प्याऊ द्वार को आकर्षक सजावट एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से अलंकृत किया गया है, जो श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ-साथ मेले की भव्यता में चार चांद लगा रहे हैं। आस्था के प्रमुख केंद्र श्रीनाथजी मंदिर एवं मुकुट मुखारविंद को भी विशेष रूप से सजाया गया है, जहां श्रद्धालुओं को दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो रहा है।

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए पूंछरी स्थित अप्सरा कुंड एवं नवल कुंड के आसपास महिलाओं के लिए स्नान एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही आश्रय स्थलों पर निःशुल्क मसाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लंबी परिक्रमा के बाद श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिल रही है। पूंछरी में मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान किए गए समन्वित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-केंद्रित प्रबंध राज्य सरकार की जनसेवा, सुशासन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को साकार रूप प्रदान कर रहे हैं।

Category: Rajasthan


Latest News