Published on July 23, 2026 | Views: 193
मथुरा। सेल्सफोर्स प्लेटफॉर्म में स्वचालन और एकीकरण किसी व्यवसाय की उत्पादकता बढ़ाने और मैन्युअल कार्य को कम करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह प्रणालियों को जोड़कर डेटा सिंक करता है और दोहराए जाने वाले कार्यों को स्वचालित करता है। सेल्सफोर्स में 'फ्लो' स्वचालन के लिए सबसे शक्तिशाली उपकरण हैं, जो बिना कोडिंग के जटिल वर्कफ्लो बनाने में मदद करते हैं जबकि फ्लो बिल्डर का उपयोग उपयोगकर्ता द्वारा ट्रिगर-आधारित ऑटोमेशन बनाने के लिए किया जाता है। यह महत्वपूर्ण जानकारी कोडएम सॉफ्टवेयर के विशेषज्ञ सेल्सफोर्स डेवलपर गौरव कुमार सक्सेना ने राजीव एकेडमी के एमसीए छात्र-छात्राओं को दी।
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट, मथुरा की संचार प्रयोगशाला में एमसीए विभाग द्वारा "सेल्सफोर्स प्लेटफॉर्म में स्वचालन एवं एकीकरण" विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता गौरव कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को सेल्सफोर्स प्लेटफॉर्म में स्वचालन एवं एकीकरण की उपयोगिता के बारे में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेल्सफोर्स फ्लो तथा म्यूलसॉफ्ट जैसे आधुनिक उपकरणों की सहायता से विभिन्न प्रणालियों को एक-दूसरे से जोड़कर कार्यों को तेज, सरल और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
श्री सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को बताया कि सेल्सफोर्स फ्लो के माध्यम से लीड रूटिंग, जटिल व्यावसायिक प्रक्रियाओं का समन्वय तथा कोट-टू-कैश स्वचालन जैसी प्रक्रियाओं को स्वचालित किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को लीड-टू-सीआरएम समन्वय, एपीआई आधारित एकीकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित समाधानों के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। अतिथि व्याख्यान में विद्यार्थियों को टैब्लो जैसे आधुनिक डेटा विश्लेषण उपकरणों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ तथा उद्योग आधारित परियोजनाओं पर कार्य करने की प्रेरणा मिली।
संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि उन्हें उद्योग जगत में उपयोग होने वाली नई-नई तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करना आवश्यक है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि सेल्सफोर्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वचालन तकनीकों का ज्ञान विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा ताकि विद्यार्थी उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने अतिथि व्याख्यान को उपयोगी बताया। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में उद्योग जगत तेजी से नई तकनीकों को अपना रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को सेल्सफोर्स प्लेटफॉर्म के स्वचालन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
Category: Education