Published on June 22, 2026 | Views: 220
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सोमवार को फिरोजाबाद के उसायनी में आयोजित जनसभा में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “उत्सव को उपद्रव में बदलना ही सपा का काम रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के एजेंडे में विकास नहीं बल्कि समाज को बांटना, सामाजिक एकता को कमजोर करना, गुंडागर्दी और माफियागिरी को बढ़ावा देना शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन अब डबल इंजन सरकार विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश आज बेहतर कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं के लिए पहचाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं में टुंडला क्षेत्र की 452 करोड़ रुपये तथा शिकोहाबाद क्षेत्र की 206 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह विकास जनप्रतिनिधियों की मेहनत का परिणाम है।सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में “एक जिला-एक माफिया” की स्थिति थी, जबकि अब सरकार “एक जिला-एक उत्पाद”, “एक जिला-एक कुजीन” और “एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज” की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश माफिया और दंगों से मुक्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद के ग्लास उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों ने नई तकनीक और डिजाइनों के माध्यम से चीन के उत्पादों को पीछे छोड़ दिया है। अब त्योहारों और मांगलिक अवसरों पर चीनी उत्पादों की जगह फिरोजाबाद के ग्लास से बनी सुंदर मूर्तियां और कलाकृतियां उपहार में दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को ओडीओपी उत्पाद भेंट करते हैं तो इससे उत्तर प्रदेश गौरवान्वित होता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की छापेमारी से उद्योग प्रभावित होते थे, लेकिन उनकी सरकार ने उद्यमियों को राहत देते हुए नई तकनीक और गैस आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराई। अब उद्योग बिजली और सोलर तकनीक के माध्यम से भी आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने लोकमाता अहिल्या वाई होल्कर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी प्रतिमाएं समाज को सनातन संस्कृति और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का संदेश दे रही हैं।मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि 15 करोड़ गरीबों को राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा, 65 लाख गरीबों को आवास, दो करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन तथा किसानों को मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अब सरकारी कार्यालयों में लोगों को बाबुओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। “नीयत साफ हो तो नीति और नियंता दोनों मार्ग प्रशस्त करते हैं,” यही डबल इंजन सरकार की पहचान है।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, विधायक मनीष असीजा, प्रेमपाल सिंह धनगर, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Category: Politics