Published on June 6, 2026 | Views: 177
विगत दिनों होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र स्व0 विनीत राय की अपराधियों द्वारा गोली मारकर नृशंस हत्या कर दिये जाने पर आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय जी पूर्व मंत्री गाजीपुर पहुंचे और स्व0 विनीत राय के आवास मोहल्ला अष्टभुजी कालोनी, गाजीपुर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सांत्वना दी और ढांढस बंधाया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जी जीरो टालरेन्स के दावे करते हैं दूसरी तरफ पूरा प्रदेश ताबड़तोड़ हो रही हत्याओं से दहल उठा है। गाजियाबाद से गाजीपुर तक हत्याओं का दौर चल रहा है। स्व0 विनीत राय की जिस प्रकार हत्या की गयी है वह बहुत ही दुःखद है, मृतक के पिता श्री आलोक राय जी से मैं मिला, उन्होने बताया कि पहले से अपराधियों एक गैंग है जो पहले भी इस तरह की घटना मंे लिप्त है, स्व0 विनीत राय जो कि एक नौजवान, युवा होटल व्यवसाय से जुड़े थे। वर्ष 2023-2024 में भी इनके होटल में बदमाशों द्वारा हमला किया गया था और मारपीट, तोड़फोड़ की गयी थी, स्व0 विनीत राय को प्रताड़ित भी किया गया था जिस पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी। अपराधी पकड़े भी गये थे किन्तु उन पर सख्त कार्यवाही करने के बजाए छोड़ दिया गया था जिसका दुष्परिणाम रहा कि स्व0 विनीत राय जी की हत्या हो गयी। सरकार और पुलिस पहले चेती होती और जो वह सुरक्षा के लिए मांग कर रहे थे यदि उन्हें सुरक्षा दी गयी होती तो स्व0 विनीत राय की हत्या नहीं होती।
*प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वाराणसी की घटना हो, जौनपुर की घटना जिसमें लखनऊ में स्व0 संदीप सिंह की हत्या कर दी गयी, गाजियाबाद में दो-दो हत्याएं कर दी गयीं। योगी सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ये फर्जी हाफ इनकाउन्टर, फुल इनकाउन्टर करा रही है इसे करने से क्या होगा, क्या स्व0 विनीत राय को अब वापस लाया जा सकता है? पूरा परिवार उजड़ गया है। सरकार और शासन-प्रशासन का इकबाल खत्म हो चुका है अपराधी और पुलिस एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं योगी सरकार कानून व्यवस्था सहित सभी मोर्चों पर विफल है। *
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय जी ने कहा कि सियाराम उपाध्याय जो कि भाजपा कार्यकर्ता थे उनको नोनहरा थाने की पुलिस द्वारा मार दिया गया, अभी तक किसी भी घटना में संलिप्त पुलिसकर्मी पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी। योगी सरकार कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार की मांगों को पूरा करे और अपराधियों पर कठोर से कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इसके उपरान्त गाजीपुर से चलकर वाराणसी पहुंचे और श्री फिरोज जी की हत्या कर दिये जाने पर उनके आवास विधानसभा क्षेत्र पिण्डरा के सिन्धोरा पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त किया और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है।
Category: Politics