Published on May 13, 2026 | Views: 468
राया अमित अग्रवाल
राया (मथुरा)। थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खजूरी और मदैम के पास मंगलवार तड़के दो दबंग गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदलते-बदलते बची। मिट्टी के कारोबार को लेकर चल रहे पुराने तनाव के कारण स्कार्पियो और स्विफ्ट सवार बदमाशों ने एक-दूसरे पर सरेराह अंधाधुंध फायरिंग की। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलियां घरों की दीवारों और खंभों में लगने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई।
आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूँजा इलाका
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घटना मंगलवार (12 मई) तड़के करीब 12:50 बजे की है। सूचना मिली कि खजूरी रोड पर स्कार्पियो सवार दो पक्ष एक-दूसरे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे हैं。 जब तक पुलिस मौके पर पहुँची, आरोपी मदैम गांव की ओर फायरिंग करते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों ने बताया कि शोर और गोलियों की आवाज इतनी भीषण थी कि डर के मारे लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
पुलिस ने सुबह घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जाँच की, जिसमें संदिग्ध गाड़ियाँ और आरोपी नजर आए। पहचान के आधार पर पुलिस ने 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपियों में चिराग , प्रशांत, उमेश उर्फ उमे पहलवान, हरीश उर्फ हरिया, अजय, मनोज चौधरी और विराट उर्फ मनीष शामिल हैं।
मिट्टी के काम को लेकर था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि दोनों पक्ष दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके बीच काफी समय से मिट्टी के काम (मिट्टी खनन/सप्लाई) को लेकर तनाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मंगलवार को दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
मौके से मिले खोखा कारतूस
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को घटनास्थल से 12 बोर के दो खोखा कारतूस और 315 बोर के चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना राया पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं जैसे 191(2) (बलवा), 190, 352, 351(3) और 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जाँच उप-निरीक्षक उज्ज्वल शर्मा को सौंपी गई है।
Category: Crime