भाजपा का चरित्र किसान विरोधी है: अखिलेश यादव

Published on April 12, 2026 | Views: 211

भाजपा का चरित्र किसान विरोधी है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार है। असमय बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से प्रदेश भर में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। कई जिलों में गेहूं की फसल चौपट हो गयी। पूरब से पश्चिम तक किसानों की गेहूं, सरसों और अन्य फसलें खराब हो गयी। मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र, श्रावस्ती समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में किसानों का गेहूं भीग गया। फसल गिर कर बर्बाद हो गयी। लेकिन सरकार ने अभी तक किसानों को कोई मुआवजा और मदद नहीं दी। मुख्यमंत्री जी से लेकर मंत्री तक ने थोथी घोषणाएं और हवाई सर्वेक्षण कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली। सरकारी मदद के नाम पर अभी तक किसानों के हाथ कुछ नहीं आया। फसलें खराब होने से किसान दाने-दाने के लिए परेशान है। किसान बेबस और निराश है। एक तरफ बढ़ती लागत और दूसरी ओर मौसम की मार ने किसानों के सामने संकट पैदा कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही किसान विरोधी है। किसानों को लेकर झूठा दावा करती है। किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही है। फसल की सही कीमत भी नहीं मिल रही है। आलू किसानों को उसकी कीमत नहीं मिली। आलू किसानों को भारी नुकसान हुआ। भाजपा किसानों के प्रति हमेशा बैर भाव रखती है। भाजपा सरकार ने मंडियों को बर्बाद कर दिया। समाजवादी सरकार में किसानों के लिए अनाज, आलू और अन्य फसलों के लिए मंडियां बनायी जा रही थी भाजपा ने काम रोक दिया। भाजपा उद्योगपतियों के लिए काम करती है। उन्हीं के पक्ष में फैसले करती है। भाजपा ने किसानों को कहीं का नहीं छोड़ा। प्रदेश का किसान 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की अपनी सरकार लाएगा।

Category: Politics


Latest News