Published on April 8, 2026 | Views: 203
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय, 7- कालिदास मार्ग पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत एवं अमर शहीद मंगल पांडे जी के बलिदान दिवस के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि मंगल पांडे जी का अदम्य साहस, वीरता और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण भारतीय इतिहास में त्याग और बलिदान का अमिट प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मंगल पांडे जी ने जिस निर्भीकता और राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया, उसने देशभर में स्वतंत्रता की अलख जगाई और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनक्रांति का मार्ग प्रशस्त किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगल पांडे जी का सर्वोच्च बलिदान हम सभी को राष्ट्रधर्म निभाने, देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को सदैव स्मरण रखती है और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे महान बलिदानियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र की प्रगति एवं समृद्धि में अपना योगदान दें।
Category: Uttar pradesh