Published on April 7, 2026 | Views: 240
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भ्रष्ट-भाजपा में यूपी के परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार का बड़ा ख़ुलासा हुआ है। 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए वेतन उठा रहे हैं। 50 प्रतिशत चालक शून्य किलोमीटर चले। लोग कह रहे हैं कि इस खुलासे के बाद मुख्यमंत्री जी बसों पर बुलडोज़र चलवाने का नाटक मत कीजिएगा। बुलडोज़र चलवाना है तो मंत्री जी की महाभ्रष्ट करतूतों पर चलवाइएगा लेकिन सब जानते हैं चलेगा नहीं क्योंकि इस गोरखधंधे का सबसे बड़ा हिस्सा तो ‘मुख्य-दान पेटी’ में ही आता है। इसीलिए मंत्री जी पर उनकी ‘दया-दृष्टि’ आमदनी के आगमन के अनुपात में बनी रहेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि इधर गर्मियों की छुट्टियों में जनता आने-जाने के लिए परेशान है और उधर भाजपाई और उनके संगी-साथी परिवहन विभाग के पहिये खोलकर बेचने में लगे हैं, यही वो कारण है जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश के विकास की गाड़ी भाजपा के भ्रष्टाचार की मारी धँसी सड़क में धँसकर पूरी तरह ठहर गयी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि दरअसल यातायात-आवागमन का बाधित होना, अर्थव्यवस्था का बाधित होना होता है। भाजपाई ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं, ट्रिलियन डॉलर की अपनी व्यवस्था बनाने में लगे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को आम जनता से न कोई मतलब था, न है, न कभी रहेगा। भाजपा जाए तो बस चल पाए।
Category: Politics