इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण का उद्घाटन समारोह मंगलवार रात बारिश के कारण डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ। सॉल्ट लेक स्टेडियम में संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती ने रवींद्रनाथ टैगोर की रचना पर परफाॅर्मेंस देकर समारोह की शुरुआत की। सैफ अली खान ने कार्यक्रम को होस्ट किया। टीम इंडिया के डायरेक्टर रवि शास्त्री ने टीमों के कप्तानों को क्रिकेट भावना की शपथ दिलाई। इसके बाद एक्टर शाहिद कपूर ने स्टेज पर बाइक से एंट्री की। उन्होंने 'गंदी बात' और 'आय एम अ डिस्को डांसर' जैसे सुपर हिट गानों पर परफॉर्म किया। इसके बाद स्टेज पर अनुष्का शर्मा आईं। उन्होंने अपने कई गानों पर परफॉर्म किया। इस दौरान, जब बड़ी स्क्रीन और टीवी पर बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली पर कैमरा फोकस किया गया तो वह अनुष्का को परफॉर्म करते देख मुस्कुराते नजर आए। अनुष्का के अलावा, ऋतिक रोशन और फरहान अख्तर ने भी अपने गानों पर परफॉर्म किया।