टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सोमवार की सुबह बिना सुरक्षा घेरे के अपनी बुलेट से निकले और ढाई घंटे तक रांची की सड़कों पर घूमते रहे। इस दौरान धोनी हल्के हरे रंग की बुलेट पर शहर के रिंग रोड और बाईपास सड़क पर घूमते देखे गए। उनके साथ कोई सुरक्षाकर्मी नहीं होने के कारण उनके पीछे-पीछे काफी संख्या में फैन्स भी चल रहे थे। उनकी सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट पार्टी को भी धोनी के मूवमेंट की सूचना नहीं थी। धोनी के घर के बगल में पुलिस थाना है। लेकिन थाने को भी इसकी जानकारी नहीं थी। धोनी को 'वाई' श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। धोनी का आवास रांची के हरमू में है। यहां से वह सुबह 7:30 बजे निकले थे और दस बजे के करीब लौटे। इस दौरान वह सिमलिया स्थित अपने फार्म हाउस को देखने भी गए। धोनी अपनी जिस नई बुलेट पर घूम रहे थे, उस पर महाराष्ट्र का नंबर था।